ईडी ने दिल्ली आबकारी नीति से जुड़े मामले में ‘आप’ सांसद संजय सिंह के परिसरों पर छापे मारे

2 Min Read

नयी दिल्ली : प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने दिल्ली आबकारी नीति से जुड़े धन शोधन मामले के संबंध में बुधवार सुबह आम आदमी पार्टी (आप) के सांसद संजय सिंह के परिसरों पर छापे मारे। अधिकारियों ने बताया कि मामले के संबंध में कुछ अन्य लोगों के परिसरों पर भी छापे मारे गए। ईडी की छापेमारी पर संजय सिंह पिता ने कहा कि, “विभाग अपना काम कर रहा है, हम उनका सहयोग करेंगे.मैं उस समय का इंतजार करूंगा जब उन्हें मंजूरी मिलेगी।”

वहीं आप की राष्ट्रीय प्रवक्ता रीना गुप्ता ने कहा कि, “यह सिर्फ पीएम मोदी का डर है क्योंकि संजय सिंह लगातार उनके और अडाणी के मुद्दे पर सवाल उठाते रहे हैं। मैं पीएम मोदी से कहना चाहती हूं कि हम सब अरविंद केजरीवाल के मजबूत सिपाही हैं हम डरने वाले नहीं हैं, चाहे वे ईडी और सीबीआई या किसी को भी भेजें।” राजद सांसद मनोज झा ने इस मुद्दे पर बात करते हुए कहा कि, “अब ये सिलसिला चुनाव तक चलेगा।

पीएम मोदी और अमित शाह की टीम ने ये बता दिया है कि 2024 के चुनाव की आधिकारिक घोषणा हो चुकी है। कल न्यूजक्लिक के ठिकानों व तमाम पत्रकारों पर और आज संजय सिंह के आवास पर छापेमारी हो रही है। हांडी भर चुकी है, फूटने वाली है।

”दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा आप सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि, “दिल्ली के शराब घोटाले में आप सांसद संजय सिंह के यहां आज जांच एजेंसी ने छापेमारी की है। इस मामले में दिल्ली सीएम अरविंद केजरीवाल और उनके कट्टर ईमानदार नेताओं के चेहरे बेकनाब होंगे। इन्होंने दिल्ली की जनता को लूटा है। चार्जशीट में पहले से संजय सिंह का नाम था।”

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं