Dubai : दुबई के क्राउन प्रिंस शेख हमदान आएंगे भारत दौरे पर, पीएम मोदी से करेंगे मुलाकात [Dubai’s Crown Prince Sheikh Hamdan will visit India, will meet PM Modi]

2 Min Read

Dubai:

नई दिल्ली, एजेंसियां। दुबई के क्राउन प्रिंस यूएई के उप प्रधानमंत्री शेख हमदान बिन मोहम्मद अल मकतूम अपनी दो दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर भारत आने वाले हैं। क्राउन प्रिंस प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर भारत आएंगे। शेख हमदान का भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के साथ भी मुलाकात प्रस्तावित है। दुबई के क्राउन प्रिंस के तौर पर शेख हमदान की भारत की यह पहली आधिकारिक यात्रा होने वाली है।

Dubai : प्रधानमंत्री मोदी ने दिया था निमंत्रण

भारत की अपनी दो दिवसीय यात्रा में शेख हमदान बिन मोहम्मद अल मकतूम दिल्ली के बाद मुंबई शहर का भी दौरा करेंगे। मुंबई में वह एक व्यापार सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। जानकारी हो कि विदेश मंत्री जयशंकर ने इस साल 27-29 जनवरी को संयुक्त अरब अमीरात की अपनी यात्रा के दौरान क्राउन प्रिंस को प्रधानमंत्री मोदी की ओर से भारत आने का निमंत्रण दिया था। भारत के अपने इस दौरे में क्राउन प्रिंस विदेश मंत्री और रक्षा मंत्री के साथ भी महत्वपूर्ण बैठक करेंगे।

Dubai: विदेश मंत्रालय ने जारी किया बयान

विदेश मंत्रालय द्वारा जारी एक बयान के अनुसार ‘परंपरागत रूप से दुबई ने भारत और यूएई के बीच वाणिज्यिक, सांस्कृतिक और लोगों के बीच आदान-प्रदान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। यूएई में भारत के लगभग 43 लाख प्रवासियों में से अधिकांश दुबई में रहते और काम करते हैं।

महामहिम क्राउन प्रिंस की यात्रा भारत-यूएई व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करेगी और दुबई के साथ हमारे बहुआयामी संबंधों को गहरा करेगी’। 8- 9 अप्रैल के बीच इस भारत यात्रा में दुबई के क्राउन प्रिंस के साथ उनके कई मंत्री, वरिष्ठ सरकारी अधिकारी और उच्च स्तरीय व्यापार प्रतिनिधिमंडल भी साथ होगा। यह दौरा भारत और यूएई के रणनीतिक संबंधों को नई मजबूती प्रदान करने का काम करेगा।

इसे भी पढ़ें

भारत-यूएई के बीच बनेगा आर्थिक कॉरिडोर, होंगे निवेश

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं