रांची : विश्व प्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र के सोनपुर महोत्सव में झारखंड की सुप्रसिद्ध गायिका डॉक्टर मृणालिनी अखौरी ने गीत और गजलों की शानदार प्रस्तुति दी। यह कार्यक्रम पर्यटन विभाग बिहार सरकार की ओर से आयोजित किया गया था। कार्यक्रम की शुरुआत डॉक्टर मृणालिनी अखौरी ने किसी नजर को तेरा इंतजार आज भी है ग़ज़ल से किया।
उसके बाद चांदी जैसा रंग है तेरा सोने जैसे बाल गजल पर श्रोता काफी झूमते नजर आए। बीच-बीच में लोगों की फरमाइश भी आती रही, जिसमें हम तेरे शहर में आए हैं मुसाफिर की तरह, चुपके-चुपके और गली में आज चांद निकला जैसी फरमाइश भी मृणालिनी ने पूरी की। कार्यक्रम के अंत में सूफी गीत दमा दम मस्त कलंदर गाकर उन्होंने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिया।
कार्यक्रम का दर्शकों ने खूब आनंद लिया। अंत में पर्यटन विभाग के निदेशक प्रदीप गुप्ता ,सहायक निदेशक केसरी कुमार, सोनपुर के सीओ और कई अधिकारियों ने मिलकर डॉक्टर मृणालिनी अखौरी को पर्यटन विभाग तथा हरिहर क्षेत्र सोनपुर की ओर से प्रतीक चिन्ह और मोमेंटो देकर सम्मानित किया। डॉक्टर मृणालिनी अखौरी के साथ देव कुमार लाल तथा ग्रुप ने कार्यक्रम में संगत की।







