डीएमडीके के संस्थापक विजयकांत का निधन

2 Min Read

चेन्नई : देसिया मुरपोक्कू द्रविड़ कषगम (डीएमडीके) के संस्थापक और गुजरे जमाने के लोकप्रिय तमिल अभिनेता विजयकांत का बृहस्पतिवार को चेन्नई के एक अस्पताल में निधन हो गया। वह 71 वर्ष के थे। विजयकांत को, उनकी उदारता के लिए उनके प्रशंसक ‘‘करुप्पु एमजीआर’’ कहते थे। वह लंबे समय से अस्वस्थ थे और पिछले चार-पांच वर्षों से राजनीति से लगभग दूरी बनाए हुए थे।

154 फिल्मों में किया था काम
तमिलनाडु और दक्षिण में विजयकांत ने अपने काम से एक अलग पहचान बनाई थी। उन्होंने बतौर अभिनेता 154 फिल्मों में अभिनय किया। इसके बाद बाद राजनीति में प्रवेश किया था। विजयकांत ने ही डीएमडीके की स्थापना की थी। विरुधाचलम और ऋषिवंडियम निर्वाचन क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व करते हुए दो बार विधान सभा के सदस्य के रूप में कार्य किया। उनका राजनीतिक करियर तब चरम पर था जब वह 2011 से 2016 तक तमिलनाडु विधानसभा में विपक्ष के नेता बने।

पीएम मोदी ने जताया शोक
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर दक्षिण के बड़े अभिनेता और नेता विजयकांत के निधन पर शोक व्यक्त किया है। पीएम ने लिखा है कि विजयकांत जी के निधन से बेहद दुखी हूं। तमिल फिल्म जगत के एक दिग्गज, उनके करिश्माई प्रदर्शन ने लाखों लोगों के दिलों पर कब्जा कर लिया। एक राजनीतिक नेता के रूप में, वह सार्वजनिक सेवा के लिए गहराई से प्रतिबद्ध थे, जिसने तमिलनाडु के राजनीतिक परिदृश्य पर एक स्थायी प्रभाव छोड़ा। उनका निधन एक खालीपन छोड़ गया है जिसे भरना मुश्किल होगा। वह एक घनिष्ठ मित्र थे और मैं वर्षों से उनके साथ अपनी बातचीत को याद करता हूं। इस दुख की घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिवार, प्रशंसकों और असंख्य समर्थकों के साथ हैं। शांति।

Share This Article
Exit mobile version