सलमान खान से मांगे 5 करोड़, जमशेपुर से मुंबई पुलिस को भेजा मैसेज [Demanded Rs 5 crore from Salman Khan, sent message from Jamshepur to Mumbai Police]

3 Min Read

जमशेदपुर,एजेंसियां। झारखंड के जमशेदपुर से मुंबई की ट्रैफिक पुलिस को वाट्सएप पर एक धमकी भरा संदेश भेजा गया है। इस धमकी भरे संदेश में बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान से 5 करोड़ रुपये मांगे गये हैं।

इस संदेश के जरिए जेल में बंद गैंगस्टर लारेंस बिश्नोई का सलमान के साथ चल रहे विवाद को सुलझाने का भी दावा किया गया है।

लॉरेंस का करीबी होने का दावाः

मुंबई पुलिस से मिली सूचना के मुताबिक, संदेश भेजने वाला व्यक्ति लारेंस बिश्नोई गैंग का करीबी होने का दावा कर रहा है।

इसके साथ ही इसमें कहा गया है कि संदेश को हल्के में मत लीजिए, अगर सलमान खान को जिंदा रहना है और लारेंस बिश्नोई से दुश्मनी खत्म करनी है, तो उन्हें 5 करोड़ रुपये देने होंगे। पैसे नहीं दिए गए, तो सलमान खान की स्थिति बाबा सिद्दीकी से भी बदतर होगी।

मुंबई पुलिस ने दर्ज किया केसः

इस मामले को मुंबई पुलिस ने बेहद गंभीरता से लेते हुए वर्ली थाना में केस दर्ज कर जांच भी शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, संदेश भेजने के बाद आरोपित का फोन नंबर बंद आ रहा है।

लेकिन तकनीकी जांच में जानकारी मिली है कि वह झारखंड के जमशेदपुर का रहने वाला है और संदेश भी वहीं से ही भेजा गया था।

बढ़ाई गई सलमान की सुरक्षाः

बीते 9 अक्टूबर को आरोपी का फोन बीकेसी (बांद्रा- कुर्ला परिसर) में एक राष्ट्रीयकृत बैंक में था। राकांपा नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या के समय वह दिल्ली में था और कुछ ही घंटों के बाद बंगाल रवाना हो गया था।

इस पूरे मामले की जांच के लिए पुलिस ने एक टीम को जमशेदपुर भेजा है, जबकि एक टीम बीकेसी के राष्ट्रीयकृत बैंक में भेजी गई थी। इस नई धमकी के बाद अभिनेता सलमान खान और उनके घर की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

जानकारी हो कि 2 दिन पहले हरियाणा के पानीपत से गिरफ्तार सुक्खा उर्फ सुखविंदर सिंह को सलमान की हत्या की साजिश रचने के जुर्म में पुलिस ने अदालत में पेश किया।

यहां से उसे 4 दिनों के लिए पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। अबतक पुलिस ने बाबा सिद्दीकी हत्याकांड में 9 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।

इसे भी पढ़ें

सलमान खान को फिर धमकी, मैसेज भेजने वाले ने खुद को लॉरेंस गैंग का बताया

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं