Delhi Racial Comment Case:
नई दिल्ली, एजेंसियां। दिल्ली के मालवीय नगर इलाके में हुई नस्लीय टिप्पणियों की घटना ने राजधानी में सुर्खियां बटोरी हैं। अरुणाचल प्रदेश की तीन महिलाओं के साथ बदसलूकी करने वाले आरोपी हर्ष सिंह और उसकी पत्नी रूबी जैन को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी SC-ST Act और संबंधित धाराओं के तहत की गई है, जबकि मामले की जांच ACP रैंक के अधिकारी की देखरेख में हो रही है।
‘हीट ऑफ द मूमेंट’ में की हरकत, हर्ष ने जताया पछतावा
मुख्य आरोपी हर्ष सिंह ने गिरफ्तारी से पहले ANI को बताया कि वे अपनी हरकतों पर शर्मिंदा हैं। हर्ष ने कहा, “हम निश्चित रूप से शर्मिंदा हैं। मैं ऐसा इंसान नहीं हूं, यह सब कुछ ‘हीट ऑफ द मूमेंट’ में हुआ। हम पुलिस का पूरा सहयोग कर रहे हैं।” हालांकि सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में दोनों की आक्रामकता स्पष्ट दिखाई दे रही थी।
विवाद की शुरुआत AC फिटिंग से
पूरी घटना 20 फरवरी की दोपहर लगभग 3:30 बजे हुई। अरुणाचल की तीन महिलाएं अपने फ्लैट में AC लगाने के लिए इलेक्ट्रीशियन बुला रही थीं। ड्रिलिंग के दौरान मलबा हर्ष और रूबी की बालकनी में गिरा। इसी बात को लेकर बहस हुई, जो नस्लीय गालियों और चरित्र हनन तक पहुंच गई।
वीडियो में दिख रहा है कि रूबी जैन महिलाओं पर अपमानजनक और भद्दी टिप्पणियां करती रही। उसने एक पीड़ित को ‘मसाज पार्लर में काम करने वाली’ कहकर अपमानित किया और अपने पति के साथ अश्लील टिप्पणी भी की। रूबी ने अपने पति को बड़े पॉलिटिशियन का बेटा बताकर धमकाने की कोशिश भी की। घटना के समय एक पुलिसकर्मी वहां मौजूद था और मामले को शांत कराने की कोशिश कर रहा था।
केंद्रीय मंत्री और दिल्ली सीएम ने लिया संज्ञान
केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि उनका ऑफिस पहले दिन से पीड़ितों के संपर्क में है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि ऐसी घटनाओं को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और अरुणाचल के मुख्यमंत्री से भी इस बारे में बात की है।दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि वे जल्द पीड़ित महिलाओं से मिलेंगी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। उन्होंने यह भी कहा कि राजधानी में हर किसी का अधिकार बराबर का है।
न्याय और निगरानी
दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार, मामले की बारीकी से निगरानी की जा रही है ताकि पीड़ितों को न्याय मिल सके। आरोपी हर्ष और रूबी जैन अब कानूनी प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई के लिए पुलिस हिरासत में हैं।







