गणतंत्र दिवस परेड की सुरक्षा में तैनात होंगे 14,000 कर्मी : दिल्ली पुलिस

2 Min Read

नयी दिल्ली : राष्ट्रीय राजधानी में कर्तव्य पथ और उसके आसपास के इलाकों में करीब 14000 सुरक्षा कर्मियों को तैनात किया जाएगा जहां से 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस परेड शुरू होगी। दिल्ली पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि इस साल परेड देखने के लिए कर्तव्य पथ पर करीब 77,000 लोगों के आने की संभावना है जिसके मद्देनजर सुरक्षा के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं।

दिल्ली पुलिस मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन के दौरान विशेष पुलिस आयुक्त (सुरक्षा) दीपेंद्र पाठक ने कहा कि गणतंत्र दिवस के लिए दिल्ली के चारों ओर चाक चौबंद सुरक्षा व्यवस्था की गई है।

पुलिस ने यह सुनिश्चित किया है कि अयोध्या के राम मंदिर में सोमवार को हुए प्राण प्रतिष्ठा समारोह के बाद दिल्ली के “संवेदनशील” इलाकों में शांति बनी रहे। उन्होंने कहा कि विभिन्न राज्यों के बीच आपसी सहयोग की मदद से सीमावर्ती इलाकों में शांति कायम रखी जा रही है।

विशेष पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था, जोन दो) मधुप तिवारी ने कहा कि परेड में कम से कम 77,000 लोगों के आने की संभावना है।

तिवारी ने कहा, “सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए हमने नयी दिल्ली जिले को 28 जोन में बांटा है। इन जोन का नेतृत्व वरिष्ठ अधिकारी करेंगे।” परेड नयी दिल्ली जिले से शुरू होगी।

इसे भी पढ़ें

रोहित शर्मा ICC वनडे टीम ऑफ द ईयर-2023 के कप्तान

रामलला के दर्शन को भीड़ बेकाबू, पुलिस के छूटे पसीने

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं