नई दिल्ली : दिल्ली के मुख्यमंत्री और आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने गुरुवार को मुंबई में एनसीपी चीफ शरद पवार से मुलाकात की। अरविंद केजरीवाल के स्वागत के लिए एनसीपी के बड़े नेता वाईबी चव्हाण के बाहर खड़े थे। अजित पवार, छगन भुजबल, सुनील तटकरें स्वागत के लिए मौजूद रहे। इस मुलाकात के बाद अरविंद केजरीवाल ने कहा कि 8 साल तक दिल्ली के अधिकारों की लड़ाई लड़ी है। हमसे लगातार शक्तियां छीनने की कोशिश की गई।
संसद में बिल पास होने नहीं देना है, गैर बीजेपी दल साथ आएं तो अध्यादेश गिर जाएगा। ये अध्यादेश सुप्रीम कोर्ट के फैसले के खिलाफ लाया गया है। राज्यसभा में अगर बिल गिर जाता है, तो इसे 2024 का सेमीफाइनल मानिए, बीजेपी सरकार नहीं आने वाली है। इससे पहले केजरीवाल ने बुधवार को मुंबई में शिवसेना (यूबीटी) के अध्यक्ष उद्धव ठाकरे से उनके आवास पर मुलाकात की थी।
सीएम केजरीवाल राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में सेवाओं के नियंत्रण से जुड़े केंद्र के अध्यादेश के खिलाफ आम आदमी पार्टी की लड़ाई में शिवसेना (यूबीटी) का समर्थन मांगने के लिए उद्धव ठाकरे से मिले थे। इस बैठक के बाद केजरीवाल ने कहा कि उद्धव ने राज्यसभा में (सेवा पर नियंत्रण संबंधी केंद्र के अध्यादेश से जुड़े) विधेयक के खिलाफ मतदान करने का भरोसा दिलाया है।







