Smriti Mandhana: स्मृति मंदाना से टूटी शादी के बाद डेजी शाह ने पलाश मुच्छल का किया बचाव, बोलीं– “वो बहुत अच्छे इंसान हैं”

3 Min Read

Smriti Mandhana:

मुंबई, एजेंसियां। मशहूर सिंगर पलक मुच्छल के भाई और संगीतकार-निर्देशक पलाश मुच्छल हाल ही में अपनी निजी जिंदगी को लेकर चर्चा में रहे। उनकी शादी भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार बल्लेबाज स्मृति मंधाना से होने वाली थी। शादी की तैयारियां और रस्में भी शुरू हो चुकी थीं, लेकिन ऐन मौके पर शादी रद्द होने की खबर ने सभी को चौंका दिया। बाद में दोनों ने सोशल मीडिया के जरिए स्पष्ट किया कि वे इस मामले को आगे नहीं बढ़ाना चाहते और अपनी-अपनी जिंदगी में आगे बढ़ रहे हैं। शादी टूटने के बाद पलाश मुच्छल को सोशल मीडिया पर काफी आलोचना और ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा। उन पर स्मृति को धोखा देने जैसे आरोप भी लगे। हालांकि इन आरोपों के बीच अब उन्हें बॉलीवुड अभिनेत्री डेजी शाह का समर्थन मिला है।

“कई सालों से जानती हूं पलाश को”

डेजी शाह, जिन्होंने Jai Ho में काम किया था, ने एक इंटरव्यू में पलाश और उनके परिवार की खुलकर तारीफ की। उन्होंने बताया कि उनकी पहचान पलक मुच्छल के जरिए हुई थी। “पलक ने ‘जय हो’ के लिए गाना गाया था, तभी से मैं उन्हें जानती हूं। मैं अक्सर उनके घर जन्मदिन और गणपति पूजा जैसे कार्यक्रमों में जाती रही हूं। वहीं मेरी मुलाकात पलाश से हुई,” डेजी ने कहा।उन्होंने आगे कहा कि पलाश बेहद विनम्र और अच्छे इंसान हैं। “जब मुझे पता चला कि वो संगीतकार और निर्देशक भी हैं, तो मुझे खुशी हुई। वो बहुत ही सकारात्मक और मेहनती व्यक्ति हैं।”

परिवार को बताया जमीन से जुड़ा

डेजी शाह ने मुच्छल परिवार की भी सराहना की। उन्होंने कहा, “उनका परिवार बहुत ही जमीन से जुड़ा हुआ है। वे भगवान में गहरी आस्था रखते हैं। मुझे लगता है कि जो लोग आस्था रखते हैं, वे स्वभाव से सकारात्मक होते हैं।”डेजी का यह बयान ऐसे समय में आया है जब पलाश मुच्छल को लेकर कई तरह की चर्चाएं चल रही थीं। उनके समर्थन ने इस पूरे मामले को एक नया मोड़ दे दिया है।

साथ कर रहे हैं नई फिल्म

दिलचस्प बात यह है कि पलाश और डेजी शाह इन दिनों एक फिल्म में साथ काम भी कर रहे हैं। इस प्रोजेक्ट का निर्देशन खुद पलाश कर रहे हैं। फिल्म में डेजी शाह के साथ अभिनेता Shreyas Talpade भी नजर आएंगे। हालांकि फिल्म का नाम अभी तय नहीं हुआ है, लेकिन शूटिंग शुरू हो चुकी है।पलाश मुच्छल के लिए यह समय व्यक्तिगत और पेशेवर दोनों स्तर पर चुनौतीपूर्ण रहा है, लेकिन इंडस्ट्री से मिल रहे समर्थन से उन्हें नई ऊर्जा मिलती दिख रही है।

Share This Article