भ्रष्ट कांग्रेस ने गरीबों की जरूरतों को नजरअंदाज किया, मैंने उसके लूट के लाइसेंस को खत्म किया: मोदी

4 Min Read

जगदलपुर (छत्तीसगढ़): प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को विपक्षी कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि उसने आजादी के बाद से दशकों तक गरीबों की जरूरतों को नजरअंदाज किया और कभी उनका दर्द नहीं समझा।

मोदी ने कहा कि कांग्रेस सरकार के दौर में भ्रष्टाचार देश की पहचान बन गई थी लेकिन उन्होंने कांग्रेस के लूट के लाइसेंस को खत्म कर दिया है।

छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले के छोटे अमाबाल गांव में ‘विजय संकल्प शंखनाद’ रैली को संबोधित करते हुए मोदी ने कांग्रेस पर गरीबों की जरूरतों और आजादी के बाद दशकों तक उनके दर्द को नजरअंदाज करने का आरोप लगाया।

उन्होंने तुष्टिकरण को लेकर कांग्रेस पार्टी पर निशाना साधा और कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव के लिए कांग्रेस के घोषणापत्र में मुस्लिम लीग की छाप है।

यह रैली भाजपा उम्मीदवार महेश कश्यप (बस्तर लोकसभा सीट) और भोजराज नाग (कांकेर लोकसभा सीट) के समर्थन में आयोजित की गई थी।

पिछले वर्ष राज्य में हुए विधानसभा चुनाव के बाद छत्तीसगढ़ में यह मोदी की पहली जनसभा थी।

प्रधानमंत्री ने इस अवसर पर कहा, ”कांग्रेस की सरकार के समय भ्रष्टाचार ही देश की पहचान बन गई थी और भ्रष्टाचार से अगर सबसे ज्यादा नुकसान किसी का होता है तो गरीब का नुकसान होता है।

भ्रष्टाचार गरीब का हक मारता है। 2014 से पहले लाखों करोड़ रुपये के घोटाले होते थे।”

उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस की सरकार में दिल्ली से एक रुपया भेजा जाता था तो सिर्फ 15 पैसा गांव तक पहुंचता था।

यह मैं नहीं कह रहा हूं, कांग्रेस के ही प्रधानमंत्री (पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी का जिक्र) ने कहा था कि दिल्ली से हम एक रुपये भेजते हैं तो 15 पैसा ही पहुंचता है। अरे भाई, बताओ ना वह कौन पंजा था जो 85 पैसे मार लेता था।”

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, ”मोदी ने कांग्रेस की लूट की इस व्यवस्था को बंद कर दिया है। भाजपा सरकार ने अपने 10 साल के कार्यकाल में 34 लाख करोड़ रुपये सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजा है।

दिल्ली से एक रुपये भेजा गया और पूरे 100 पैसे गरीब के खातों में जमा हो गए। एक रुपये भेजने पर 85 पैसे गायब होने के जादू का खेल बंद हो गया है।’’

मोदी ने कहा कि अब पैसे सीधे लोगों के बैंक खाते में जाते हैं और एक भी पैसा कांग्रेस लूट नहीं पाई।

उन्होंने कहा कि अगर देश में कांग्रेस की सरकार होती तो गरीबों के 34 लाख करोड़ रुपये में से 28 लाख करोड़ रुपये लूट लिये जाते।

उन्होंने कहा, ”आजादी के बाद से कांग्रेस समझती थी कि उसे देश को लूटने का लाइसेंस मिला हुआ है।

2014 में सरकार में आने के बाद मोदी ने कांग्रेस की लूट का लाइसेंस खत्म कर दिया। मोदी यह लाइसेंस इसलिए कैंसिल कर पाया क्योंकि आपने मोदी को लाइसेंस दिया है।”

इसे भी पढ़ें

फर्जी कॉल से मतदाताओं को भ्रमित करने वालों के खिलाफ आजसू ने दर्ज की शिकायत

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं