एक देश, एक चुनाव” पर जेपीसी में प्रियंका गांधी का नाम प्रस्ताव देंगी कांग्रेस [Congress will propose Priyanka Gandhi’s name in JPC on “one country, one election”]

2 Min Read

नई दिल्ली, एजेंसियां। कांग्रेस पार्टी एक देश, एक चुनाव विधेयक पर चर्चा के लिए गठित की जा रही संयुक्त संसदीय समिति (JPC) में प्रियंका गांधी के नाम का प्रस्ताव देने की तैयारी कर रही है। इसके अलावा, मनीष तिवारी, सुखदेव भगत और रणदीप सुरजेवाला जैसे नेताओं के नाम भी इस समिति में शामिल करने की संभावना जताई जा रही है।

जेपीसी में कितने सदस्य हो सकते हैं

जेपीसी में कुल 31 सदस्य हो सकते हैं, जिनमें से 21 सदस्य लोकसभा से और 10 सदस्य राज्यसभा से होंगे। इस समिति को विधेयक की समीक्षा करने के बाद 90 दिनों के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंपनी होगी, हालांकि यह समयसीमा बढ़ाई जा सकती है।

केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने हाल ही में लोकसभा में “एक देश, एक चुनाव” विधेयक पेश किया था, जिसका उद्देश्य लोकसभा और सभी विधानसभाओं के चुनाव एक साथ कराना है। यह विधेयक संसद से पारित होने के बाद, 2029 के लोकसभा चुनाव के बाद लागू हो सकता है। इसके लागू होने के बाद 2034 में संभवत: पूरे देश में एक साथ चुनाव कराए जा सकेंगे।

जेपीसी का अध्यक्ष भाजपा से होगा, क्योंकि लोकसभा में सबसे बड़ी पार्टी भाजपा है। इसके साथ ही, राजनीतिक दलों से सांसदों के नाम मांगे गए हैं, लेकिन समिति की संरचना अभी तक पूरी तरह से तय नहीं हो पाई है।

इसे भी पढ़ें

एक देश-एक चुनाव बिल लोकसभा में पेश 

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं