नयी दिल्ली : कांग्रेस ने विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रचने वाले तोक्यो ओलंपिक चैंपियन भाला फेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा की सराहना करते हुए सोमवार को कहा कि वह केवल विश्व चैंपियन नहीं, बल्कि खेल के मैदान के बाहर भी असल चैंपियन हैं। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि चोपड़ा के शानदार प्रदर्शन ने भारत को एक बार फिर गौन्वान्वित किया है।
उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘हम यह देखकर रोमांचित हैं कि नीरज चोपड़ा की प्रतिभा, समर्पण और कड़ी मेहनत ने अब उन्हें प्रतिष्ठित विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने वाला पहला भारतीय बना दिया है और उनकी शानदार उपलब्धियों की बढ़ती सूची में एक और सफलता को जोड़ दिया है।’’ खरगे ने लिखा, ‘‘बहुत-बहुत बधाई नीरज।
आप और अधिक सशक्त बनें और युवा खिलाड़ियों को प्रेरित करते रहें।’’ कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने भी चोपड़ा की सराहना की और उन्हें बधाई दी। उन्होंने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘नीरज चोपड़ा ने विश्व मंच पर एक बार फिर भारत का सिर ऊंचा किया है। देश के खिलाड़ियों की आने वाली पीढ़ियां नीरज की प्रतिबद्धता और अनुशासन से प्रेरणा लेती रहेंगी।’’
कांग्रेस महासचिव जयराम रमेशन ने भी ‘एक्स’ के जरिये चोपड़ा को बधाई दी और कहा कि भेला फेंक में स्वर्ण पदक दिलाने वाला उनका प्रदर्शन लाजवाब था। उन्होंने कहा कि चोपड़ा न केवल विश्व चैंपियन हैं, बल्कि खेल के मैदान बाहर भी सच्चे चैंपियन हैं। रमेश ने कहा, ‘‘इस साल मई की शुरुआत में चोपड़ा के साहसी रुख को कौन भूल सकता है, जब प्रदर्शनकारी महिला पहलवानों को राष्ट्रीय राजधानी की सड़कों पर घसीटा गया था।’’
कांग्रेस नेता ने कहा कि इसी के साथ मोहम्मद अनस याहिया, अमोज जैकब, मोहम्मद अजमल वारियाथोडी और राजेश रमेश की चार गुणा 400 मीटर रिले टीम के प्रदर्शन ने वास्तव में देश का दिल जीत लिया।








