भोपाल, एजेंसियां : मध्यप्रदेश की छिंदवाड़ा संसदीय सीट से कांग्रेस के कुछ नेताओं के कथित तौर पर पैसे बांटते पकड़े जाने पर बीजेपी नेता कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि कांग्रेस जनमत पर भरोसा नहीं करती और पार्टी ने पहले देश बांटकर राज किया और अब पैसा बांटकर राज करना चाहती है।
विजयवर्गीय ने कल देर रात अपने बयान में कहा कि कांग्रेस और उसके नेताओं का चरित्र ही रहा है कि वह जनमत पर भरोसा नहीं करते।
यही कार्य छिंदवाड़ा लोकसभा क्षेत्र में कांग्रेस और कांग्रेस के लोकसभा प्रत्याशी नकुलनाथ कर रहे हैं। कांग्रेस छिंदवाड़ा में लोकतंत्र को नोटतंत्र के जरिए खरीदने का प्रयास कर रही है। कांग्रेस सोचती है, बांटो और राज करो।
कांग्रेस ने पहले देश बांटकर राज किया, अब छिंदवाड़ा को अपना गढ़ समझने वाले नकुलनाथ पैसा बांटकर राज करना चाहते हैं।
विजयवर्गीय छिंदवाड़ा में जिला कांग्रेस महामंत्री व मोहखेड़ विकासखंड के पर्यवेक्षक गिरीश साहू के बिसापुर गांव में रूपए बांटते पकड़े जाने पर प्रतिक्रिया व्यक्त कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि भाजपा इस मुद्दे को लेकर चुनाव आयोग पहुंचकर शिकायत दर्ज करायेगी और कांग्रेस और नकुलनाथ के ठिकानों की जांच करने की मांग करेगी।
इसे भी पढ़ें









