कांग्रेस केवल लूट की गारंटी दे सकती है: जेपी नड्डा

1 Min Read

नयी दिल्ली : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जे पी नड्डा ने सोमवार को दावा किया कि विपक्षी दल केवल ‘‘लूट की गारंटी’’ दे सकता है। उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि वह भ्रष्टाचार के जरिए धन एकत्र करने की खातिर कर्नाटक को ‘एटीएम’ में बदल रही है ताकि अपने चुनाव प्रचार के पैसे जुटा सके। नड्डा ने कर्नाटक में विभिन्न जांच एजेंसी की छापेमारी में कुछ ठेकेदारों के पास से 100 करोड़ रुपये से अधिक राशि कथित रूप से मिलने का हवाला देते हुए कहा कि यह शर्मनाक और मतदाताओं के साथ घिनौना मजाक है।

उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस और भ्रष्टाचार एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। कांग्रेस सरकारों ने छत्तीसगढ़ और राजस्थान को भी करप्शन का एटीएम बना दिया है। भाजपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी तेलंगाना और मध्य प्रदेश को भी ऐसा ही एटीएम बनाकर जनता की गाढ़ी कमाई को लूटना चाहती है।

उन्होंने कहा कि तेलंगाना और मध्य प्रदेश को भी अपना एटीएम बनाने के लिए ही कांग्रेस इन दोनों राज्यों में आने के सपने को पाल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सिर्फ कांग्रेस ही लूट की गारंटी दे सकती है।

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं