Yogi Adityanath Janata Darshan: जनता दर्शन में सीएम योगी ने सुनीं लोगों की समस्याएं, बच्चे को दी चॉकलेट; बोले– किताबें पढ़ो, सोशल मीडिया का इस्तेमाल कम करो

3 Min Read

Yogi Adityanath Janata Darshan:

लखनऊ, एजेंसियां। योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को लखनऊ में आयोजित ‘जनता दर्शन’ कार्यक्रम में प्रदेश भर से आए लोगों की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने लोगों से मुलाकात कर उनके प्रार्थना पत्र लिए और आश्वस्त किया कि सरकार हर समस्या के उचित समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि जनता की शिकायतों का निस्तारण समय सीमा के भीतर किया जाए और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बच्चे को दी चॉकलेट, पढ़ाई पर दिया जोर

जनता दर्शन के दौरान कुछ अभिभावक अपने बच्चों के साथ भी पहुंचे थे। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बच्चों से बातचीत की, उन्हें चॉकलेट दी और पढ़ाई के बारे में जानकारी ली। एक बच्चे से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि किताबें पढ़ने की आदत डालें और सोशल मीडिया का इस्तेमाल केवल जरूरत के अनुसार ही करें। उन्होंने बच्चों को मोबाइल और सोशल मीडिया का अत्यधिक उपयोग करने से बचने की सलाह दी।

निवेश और उद्योग से जुड़े मामलों पर भी दिए निर्देश

कार्यक्रम के दौरान दो उद्यमियों ने भी मुख्यमंत्री के सामने अपनी समस्याएं रखीं। मुख्यमंत्री ने प्रार्थना पत्र को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों, विशेष रूप से उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण और जिला प्रशासन को समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में निवेश के लिए बेहतर वातावरण तैयार किया गया है और सिंगल विंडो सिस्टम सहित कई पारदर्शी व्यवस्थाएं लागू की गई हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निवेश और उद्योग विकास में किसी भी प्रकार की देरी या लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

अवैध कब्जे के मामले में दिखाई सख्ती

जनता दर्शन में कासगंज से आए एक पीड़ित ने पुलिस कार्रवाई में देरी की शिकायत की। इस पर मुख्यमंत्री ने संबंधित पुलिस अधीक्षक को मामले का संज्ञान लेकर समयबद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके अलावा अवैध कब्जे से जुड़े एक अन्य मामले में भी मुख्यमंत्री ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि ऐसे मामलों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और नियमानुसार तुरंत कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article