नयी दिल्ली : कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने चीन द्वारा मानक मानचित्र में अरुणाचल प्रदेश और अक्साई चिन को अपना हिस्सा बताए जाने की पृष्ठभूमि में बुधवार को दावा किया कि यह विषय बहुत गंभीर है, लेकिन चीन ने पहले ही लद्दाख में भारत की जमीन हड़प ली है और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को इस पर कुछ बोलना चाहिए। राहुल ने संवाददाताओं से कहा, “प्रधानमंत्री ने कहा था कि लद्दाख में एक इंच जमीन नहीं गई है। यह सरासर झूठ है।
पूरा लद्दाख जानता है कि चीन ने हमारी जमीन हड़प ली है।” उन्होंने कहा, “मानचित्र की बात तो गंभीर है, लेकिन चीन ने असल में हमारी जमीन ले ली है। इस पर प्रधानमंत्री को कुछ कहना चाहिए।” दिल्ली हवाईअड्डे पर मीडिया से बात करते हुए राहुल गांधी ने कहा, ”मैं यह कई सालों से कह रहा हूं…प्रधानमंत्री ने क्या कहा है, मैं अभी लद्दाख से लौटा हूं…प्रधानमंत्री ने क्या कहा है… एक इंच भी ज़मीन पर अतिक्रमण नहीं किया गया है..यह पूरी तरह से झूठ है।”
कांग्रेस नेता ने दावा किया कि लद्दाख के सभी लोग जानते हैं कि चीन ने भारतीय भूमि पर “घुसपैठ” की है। चीन द्वारा अपने नए नक्शे में अरुणाचल प्रदेश और अक्साई चीन को शामिल करने पर एक सवाल का जवाब देते हुए राहुल गांधी ने कहा, ”नक्शे का सवाल बहुत गंभीर है। लेकिन उन्होंने (चीन ने) हमारी जमीन पर कब्जा कर लिया है। प्रधानमंत्री को भी इस मामले पर बोलना चाहिए।
” बता दें कि पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी कर्नाटक के मैसूर जा रहे थे जहां वह कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के साथ राज्य सरकार की गृह लक्ष्मी योजना के लॉन्च कार्यक्रम में शामिल होंगे। यह योजना मैसूर में एक सार्वजनिक समारोह में राज्य के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति में शुरू की जाएगी।







