बीजापुर: छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में प्रेशर बम में विस्फोट होने से सुरक्षाबल के दो जवान घायल हो गए हैं। पुलिस अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले के गंगालूर थाना क्षेत्र के अंतर्गत इतावर गांव के जंगल में प्रेशर बम में विस्फोट होने से एसटीएफ के दो जवान शिवलाल मंडावी और मिथलेश मरकाम घायल हो गए हैं।
उन्होंने बताया कि केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की 217वीं बटालियन, कमांडो बटालियन फॉर रिजॉल्यूट एक्शन (कोबरा) की 208वीं बटालियन और जिला बल के संयुक्त दल को गश्त पर रवाना किया गया था।
सालटोंग गांव में सड़क निर्माण कार्य को सुरक्षा प्रदान करने के लिए डब्बामरका पुलिस शिविर से गश्ती शुरू की गई थी।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि जब गश्ती दल सालटोंग गांव के पास इलाके की घेराबंदी कर रहा था, तब दो जवान प्रेशर बम के संपर्क में आ गए, जिससे बम में विस्फोट हो गया और वे घायल हो गए।
उन्होंने बताया कि दोनों को प्रारंभिक उपचार प्रदान किया गया तथा अस्पताल ले जाया गया।
अधिकारी ने बताया कि इलाके में खोज अभियान जारी है।
इसे भी पढ़ें
कैशबैक, सब्सक्रिप्शन के नाम पर ग्राहकों को ऑनलाइन मंचों ने लुभायाः रिपोर्ट












