केंद्र सरकार ने पंजाब के मुख्यमंत्री मान को ‘जेड-प्लस’ सुरक्षा दी

1 Min Read

नयी दिल्ली : केंद्र सरकार ने देश तथा विदेश से पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को खतरे की आशंका के मद्देनजर उन्हें ‘जेड-प्लस’ श्रेणी की सुरक्षा दी है। यहां आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि 49 वर्षीय मान को केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के वीआईपी सुरक्षा दस्ते द्वारा सुरक्षा मुहैया करायी जाएगी।

सूत्रों ने कहा कि शीर्ष श्रेणी का जेड प्लस कवर उन्हें पूरे भारत में यात्रा के दौरान प्रदान किया जायेगा।गृह मंत्रालय ने हाल ही में इसके लिए मंजूरी दे दी है।

सीआरपीएफ जल्द ही इसके लिए काम संभालेगी और इसके तहत 55 सशस्त्र जवानों की एक टीम लगायी गयी है। पंजाब पुलिस की सुरक्षा के अलावा यह सुरक्षा कवर मुख्यमंत्री के घर और परिवार के करीबी सदस्यों को भी अपनी देखरेख में लायेगा।

सीमावर्ती राज्य पंजाब में खालिस्तानी गतिविधियों के मद्देनजर मुख्यमंत्री भगवंत मान को खतरा है।इसलिए उन्हें यह सुरक्षा दी जा रही है। केंद्रीय और खुफिया एजेंसियों की ओर से उन्हें यह सुरक्षा देने की सिफारिश की गयी थी।

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं