संदेशखाली में सीबीआई का छापा, भारी मात्रा में गोला बारूद और हथियार बरामद

2 Min Read

कोलकाता, एजेंसियां। पश्चिम बंगाल के संदेशखाली में फिर से सीबीआई (CBI) ने शुक्रवार को कई स्थानों पर छापेमारी की।

इस दौरान विदेशी पिस्तौल सहित हथियार और गोला बारूद बरामद हुआ है। यह छापेमारी तृणमूल कांग्रेस के नेता रहे शाहजहां शेख के समर्थकों द्वारा प्रवर्तन निदेशालय की टीम पर हमला किए जाने की घटना से जुड़ा है।

प्रवर्तन निदेशालय की टीम पर पांच जनवरी को संदेशखाली में उस समय हमला किया गया था जब वह कथित राशन घोटाले के सिलसिले में शेख के परिसर पर छापा मारने गई थी।

अधिकरियों ने बताया कि सीबीआई को अपनी जांच के दौरान यह जानकारी मिली कि संदेशखाली में भारी मात्रा में हथियार छिपाए गए हैं।

इसके बाद शुक्रवार सुबह सीबीआई की टीम ने छापा मारा और विदेशी पिस्तौल सहित हथियार बरामद हुए।

कलकत्ता हाईकोर्ट के आदेश पर केंद्रीय एजेंसी ने पांच जनवरी की घटनाओं पर तीन प्राथमिकी दर्ज की थीं।

ये प्राथमिकियां भीड़ द्वारा ईडी अधिकारियों पर कथित हमले, निलंबित टीएमसी नेता शेख के सुरक्षाकर्मी द्वारा ईडी अधिकारियों के खिलाफ लगाए गए आरोपों और ईडी अधिकारियों पर हमले के संबंध में नज़ात पुलिस थाने की ओर से स्वत: संज्ञान लेते हुए दर्ज किए गए मामले से संबंधित हैं।

शेख को फरवरी में पश्चिम बंगाल पुलिस ने गिरफ्तार किया था। लगभग 1,000 लोगों की भीड़ के हमले में ईडी के तीन अधिकारी घायल हो गए थे।

इसके बाद एजेंसी के एक उप निदेशक ने बशीरहाट के पुलिस अधीक्षक के समक्ष शिकायत दर्ज कराई थी।

इसे भी पढ़ें

जैक बोर्ड 12वीं का रिजल्ट 30 को संभावित

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं