2024 के चुनावों में सीबीआई और ईडी भाजपा को वोट नहीं दिला पायेंगे : ममता बनर्जी

2 Min Read

मुर्शिदाबाद : टीएमसी प्रमुख और पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने भाजपा पर हमला करते हुए शनिवार को कहा कि अगले साल होनेवाले चुनावों में सीबीआई और ईडी उसे वोट नहीं दिला पायेंगे। ममता ने विपक्षी दलों से मिलकर भाजपा का मुकाबला करने की अपील की। मुर्शिदाबाद के शमशेरगंज में ममता बनर्जी ने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव में विपक्षी दलों को मिलकर भाजपा से लड़ना चाहिए। ममता ने कहा कि भाजपा विपक्षी दलों के नेताओं को परेशान करने के लिए सीबीआई और ईडी का इस्तेमाल कर रही है लेकिन ये एजेंसियां उसे वोट नहीं दिलवा पायेंगी। ममता यहां नदी के कटाव में जमीन खो चुके लोगों को जमीन के पट्टे देने आयी थीं।

टीएमसी सुप्रीमो ने आरोप लगाया कि भाजपा नीत केंद्र सरकार से कई बार अनुरोध किए जाने के बावजूद राज्य प्रशासन को गंगा का कटाव रोकने के लिए कोई मदद नहीं मिली है।  उन्होंने कहा कि गंगा का कटाव मुर्शिदाबाद और मालदा जिले में एक बड़ा मुद्दा है। ममता ने दावा किया कि बांग्लादेश के साथ भारत की जल बंटवारा संधि से राज्य को स्थानीय लोगों के विकास के लिए उसके हिस्से के 700 करोड़ रुपये नहीं मिले। उन्होंने कहा कि कटाव एक केंद्रीय मुद्दा है।

कई बार अनुरोध किए जाने के बावजूद केंद्र सरकार ने किसी भी तरह से हमारी मदद नहीं की है।  इसके अलावा, उन्होंने हमें 1996 में बांग्लादेश के साथ हुई गंगा जल बंटवारा संधि से स्थानीय लोगों के विकास के लिए हमारे हिस्से के 700 करोड़ रुपये नहीं दिए। इस संधि को 20 साल से अधिक समय बीत चुका है। इस अवसर पर ममता ने उन लोगों को पट्टे (जमीन के दस्तावेज) सौंपे, जिन्होंने क्षेत्र में नदी के कटाव के कारण अपनी जमीन खो दी है।

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं