रांची। देश के विभिन्न भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम) में नामांकन के लिए ली जाने वाली कॉमन एडमिशन टेस्ट, कैट 2024 की परीक्षा के लिए आवेदन प्रक्रिया 1 अगस्त से शुरू होगी।
इससे संबंधित नोटिफिकेशन जारी कर दिया गया है। इसके माध्यम से आईआईएम रांची सहित देशभर के आईआईएम के विभिन्न पोस्ट ग्रेजुएट प्रोगाम में नामांकन ले सकेंगे।
कैट 2024 के लिए रजिस्ट्रेशन की अंतिम तिथि 13 सितंबर निर्धारित है। इसकी परीक्षा 24 नवंबर को होगी। जो तीन सत्रों में कंप्यूटर आधारित होगी।
5 नवंबर से एडमिट कार्ड होंगे डाउनलोड
वहीं 5 नवंबर से 24 नवंबर तक एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकेंगे। परीक्षा का रिजल्ट जनवरी 2025 के दूसरे सप्ताह में जारी किया जाएगा। कैट का आयोजन लगभग 170 शहरों में स्थित परीक्षा केंद्रों में किया जाएगा।
अभ्यर्थियों को उनकी प्राथमिकता के अनुसार किन्हीं पांच केंद्रों का चयन करने का विकल्प दिया जाएगा। इस साल भी कैट के रजिस्ट्रेशन शुल्क में बढ़ोतरी की गई है। जिसमें अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं दिव्यांग श्रेणी के अभ्यर्थियों के लिए रजिस्ट्रेशन शुल्क 1250 रुपए है। वहीं अन्य सभी श्रेणी के अभ्यर्थियों के लिए रजिस्ट्रेशन शुल्क 2500 रुपए निर्धारित है।
वहीं पिछले साल अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं दिव्यांग श्रेणी के उम्मीदवारों के लिए रजिस्ट्रेशन शुल्क 1200 रुपए और अन्य सभी श्रेणी के उम्मीदवारों के लिए रजिस्ट्रेशन शुल्क 2400 रुपए निर्धारित था।
आवेदन से संबंधित ज्यादा जानकारी कैट के वेबसाइट से प्राप्त कर सकेंगे।
इसे भी पढ़ें








