BTC Recruitment 2026:
दिसपुर, एजेंसियां। असम के बीटीसी क्षेत्र में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ा मौका सामने आया है। बोडोलैंड प्रादेशिक परिषद ने वन विभाग में फॉरेस्टर और फॉरेस्ट गार्ड के कुल 157 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। 12वीं पास से लेकर स्नातक तक उम्मीदवार इन पदों के लिए आवेदन कर सकते हैं।
157 पदों पर भर्ती, 15 मार्च तक करें आवेदन
Bodoland Territorial Council (BTC), कोकराझार के केंद्रीय चयन बोर्ड (CSB) ने फॉरेस्टर-I और फॉरेस्ट गार्ड (श्रेणी-III) पदों के लिए आधिकारिक अधिसूचना जारी की है। कुल 157 रिक्तियां बीटीसी वन विभाग के अंतर्गत भरी जाएंगी।इन पदों के लिए केवल बीटीसी क्षेत्र के स्थायी निवासी और असम राज्य के रोजगार कार्यालय में पंजीकृत उम्मीदवार ही आवेदन कर सकते हैं। इच्छुक अभ्यर्थी 15 मार्च 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
शैक्षणिक योग्यता और आयु सीमा
फॉरेस्टर-I पद के लिए उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से किसी भी विषय में न्यूनतम स्नातक डिग्री होना अनिवार्य है।वहीं, फॉरेस्ट गार्ड पद के लिए अभ्यर्थी का 10+2 (उच्च माध्यमिक) या समकक्ष परीक्षा उत्तीर्ण होना जरूरी है।
आयु सीमा की बात करें तो 1 जनवरी 2026 तक उम्मीदवार की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 40 वर्ष निर्धारित की गई है। आरक्षित वर्गों को नियमानुसार छूट दी जाएगी एससी/एसटी को 5 वर्ष और ओबीसी/एमओबीसी वर्ग को 3 वर्ष की आयु में छूट मिलेगी।
चार चरणों में होगी चयन प्रक्रिया
चयन प्रक्रिया बहु-स्तरीय होगी। सबसे पहले शारीरिक दक्षता परीक्षा (Physical Fitness Test) आयोजित की जाएगी। इसमें पुरुष अभ्यर्थियों को 26 किलोमीटर और महिला अभ्यर्थियों को 16 किलोमीटर की पैदल दूरी 4 घंटे के भीतर पूरी करनी होगी।
इसके बाद 100 अंकों की वस्तुनिष्ठ (MCQ) लिखित परीक्षा होगी, जिसकी अवधि 3 घंटे होगी। इस परीक्षा में कोई नकारात्मक अंकन नहीं होगा। लिखित परीक्षा में सफल उम्मीदवारों को 20 अंकों के साक्षात्कार के लिए बुलाया जाएगा। अंतिम चरण में अभ्यर्थियों का चिकित्सा परीक्षण किया जाएगा, जिसमें दृष्टि और अन्य स्वास्थ्य मानकों की जांच होगी।
आवेदन शुल्क और भुगतान
आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम यूपीआई, डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड या नेट बैंकिंग से करना होगा।सामान्य, ओबीसी और एमओबीसी वर्ग के उम्मीदवारों के लिए 150 रुपये शुल्क निर्धारित है, जबकि एससी/एसटी वर्ग के लिए 100 रुपये शुल्क तय किया गया है। उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि आवेदन से पहले सभी दिशा-निर्देश ध्यानपूर्वक पढ़ लें और अंतिम तिथि से पहले फॉर्म भर लें।








