BSNL users alert: BSNL यूजर्स के लिए अलर्ट! इस सर्विस पर जल्द लगेगा ताला, बदलना पड़ेगा फोन या सिम

3 Min Read

BSNL users alert

नई दिल्ली, एजेंसियां। देश की सरकारी टेलीकॉम कंपनी भारत संचार निगम लिमिटेड (BSNL) ने अपनी 3G सेवाओं को चरणबद्ध तरीके से बंद करने का फैसला किया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, BSNL ने सभी सर्किलों को पत्र लिखकर 3G सर्विस बंद करने की प्रक्रिया शुरू करने को कहा है। यह निर्णय देशभर में 4G नेटवर्क की लगभग पूरी कवरेज को देखते हुए लिया गया है। कंपनी लंबे समय से 4G नेटवर्क के विस्तार पर काम कर रही थी, जो अब अंतिम चरण में है।

लाखों नहीं, करोड़ों यूजर्स पर पड़ेगा असर

BSNL के इस फैसले का सीधा असर उन करोड़ों ग्राहकों पर पड़ेगा, जो अब भी 3G या 2G सिम का इस्तेमाल कर रहे हैं। TRAI के आंकड़ों के अनुसार, BSNL के बड़े यूजर बेस का एक हिस्सा अभी भी पुराने नेटवर्क पर निर्भर है। 3G सर्विस बंद होने के बाद इन यूजर्स को या तो अपनी सिम को 4G में अपग्रेड करना होगा या फिर नया सिम लेना पड़ेगा। इसके अलावा, जिन ग्राहकों के पास 4G या 5G सपोर्टेड मोबाइल फोन नहीं हैं, उन्हें नया हैंडसेट खरीदना पड़ सकता है।

यूजर्स को क्या करना चाहिए?

अगर आप BSNL की 3G सिम इस्तेमाल कर रहे हैं, तो जल्द ही नजदीकी BSNL कस्टमर केयर सेंटर जाकर 4G सिम में अपग्रेड कराना जरूरी होगा। यह प्रक्रिया आमतौर पर मुफ्त या बेहद कम शुल्क में पूरी की जाती है। साथ ही, यह भी सुनिश्चित करें कि आपका मोबाइल फोन 4G नेटवर्क को सपोर्ट करता हो।

कहां तक पहुंची BSNL की 4G कवरेज?

BSNL ने साल के अंत तक देशभर में एक लाख 4G टावर लगाने का लक्ष्य रखा था, जिनमें से करीब 97 हजार टावर लगाए जा चुके हैं। खास बात यह है कि BSNL का यह 4G नेटवर्क स्वदेशी तकनीक पर आधारित है और 5G रेडी भी है। 4G रोलआउट पूरा होने के बाद कंपनी 5G सेवाएं शुरू करने की दिशा में तेजी से कदम बढ़ाएगी।BSNL का यह कदम भविष्य की तकनीक और बेहतर नेटवर्क अनुभव की ओर बढ़ने का संकेत है, लेकिन इसके लिए यूजर्स को समय रहते जरूरी बदलाव करने होंगे।

Share This Article