बीजेपी का विकसित भारत यात्रा रथ रवाना

3 Min Read

रांची। भाजपा ने लोकसभा चुनाव 2024 में उतरने का ऐलान कर दिया है। प्रदेश की 11 सीटों पर उम्मीदवारों का ऐलान हो चुका है।

साथ ही प्रत्याशियों को जनता के बीच जाने का निर्देश दिया गया है। उन्हें लोगों से संवाद करने को कहा गया है।

कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया गया है कि वे बूथों में मतदाताओं को केंद्र की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दें।

इस बीच सोमवार को झारखंड बीजेपी ने विकसित भारत संकल्प यात्रा रथ को राज्य की सभी विधानसभा के लिए रवाना किया।

झारखंड बीजेपी अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी और संगठन मंत्री कर्मवीर सिंह ने विकसित भारत संकल्प यात्रा रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

भगवा रंग में रंगी जिप्सी को गुब्बारों, फूलों और बैनर-पोस्टर से सजाकर रवाना किया गया। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की तस्वीर लगी है, जिसमें विकसित भारत-मोदी की गारंटी लिखा हुआ है।

रथ यात्रा में नमो एप डाउनलोड करने के लिए स्कैनर लगा हुआ है और साथ ही जनता से अपील की गई है कि वे- 909090 2024 पर मिस्ड कॉल देकर भी विकसित भारत संकल्प यात्रा के साथ जुड़ सकते हैं।

विकसित भारत संकल्प यात्रा रथ जब सुदूरवर्ती ग्रामीण इलाकों में भ्रमण करेगा तो लोग अपने सुझाव भी दे सकेंगे जो सीधा प्रधानमंत्री तक पहुंचेगा।

लोग नमो एप और पोर्टल पर जाकर भी अपने सुझाव दे सकते हैं। बता दें कि केंद्रीय निर्वाचन आयोग ने लोकसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान नहीं किया है, लेकिन यह इस महीने कभी भी किया जा सकता है। सभी पार्टियां चुनावी मोड में है।

इस कार्यक्रम की जानकारी देते हुए प्रदेश बीजेपी प्रवक्ता राफिया नाज ने बताया कि जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के लिए यह रथ निकला है।

सुदूरवर्ती ग्रामीण इलाकों तक विकास योजनाओं को पहुंचाया जायेगा। लोग योजनाओं के बारे में जानेंगे।

झारखंड के सभी विधानसभा क्षेत्रों तक यह रथ घूमेगा। विकसित भारत के संकल्प के साथ लोग प्रधानमंत्री तक अपना सुझाव भी भेज सकते हैं।

इसे भी पढ़ें

SC के फैसले के बाद बाबूलाल ने बोला हमला, कहा-पैसा और परिवार के लिए राजनीति करता है सोरेन परिवार

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं