भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक आज, विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर होगी चर्चा

2 Min Read

नयी दिल्ली : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की केंद्रीय चुनाव समिति की बुधवार शाम को बैठक होगी जिसमें आगामी राज्य विधानसभा चुनावों पर चर्चा की जाएगी। सूत्रों ने बताया कि सीईसी के सदस्य इस बैठक में चुनावी तैयारियों का जायजा लेंगे, जमीनी रिपोर्ट साझा करेंगे और उम्मीदवारों के चयन सहित पार्टी की रणनीति पर विचार-विमर्श करेंगे।

बैठक में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा समेत सभी 15 सदस्यों के उपस्थित रहने की संभावना है। भाजपा मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, तेलंगाना और मिजोरम चुनाव के लिए अपनी तैयारी को तेज कर रही है। सूत्र ने बताया कि बैठक में कमजोर सीटों पर पार्टी को मजबूत करने पर चर्चा की जाएगी।

बैठक में प्रत्याशियों के चयन व चुनावी रणनीति पर भी चर्चा किए जाने की संभावना है। पार्टी ने ऐसी सीटों की सूची तैयार कर ली है, जहां अधिक ध्यान देने की आवश्यकता है।

सूत्रों ने कहा कि राज्य नेतृत्व भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की कल्याणकारी योजनाओं के लोगों तक पहुंचने सहित जमीनी स्तर पर किए जा रहे कार्यों पर अपनी प्रतिक्रिया देगा। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, राज्य अध्यक्ष वीडी शर्मा और अन्य प्रमुख नेता बैठक में भाग लेंगे। साल के अंत में जिन पांच राज्यों में चुनाव होने हैं, उनमें से मध्य प्रदेश में भाजपा सत्ता में है।

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं