बिहारः बीजेपी को झटका, सांसद अजय निषाद ने छोड़ी पार्टी, छेदी भी कतार में

2 Min Read

टिकट कटने से नाराज नेता बदलने लगे पाला

पटना। टिकट नहीं मिलने से नाराज नेताओं ने पाला बदलना शुरू कर दिया है। खास तौर पर बीजेपी में टिकट कटने से नाराज नेताओं का पार्टी से मोह भंग होने लगा है।

इसी कड़ी में मंगलवार को बीजेपी को बड़ा झटका लगा है। मुजफ्फरपुर से सांसद अजय निषाद ने पार्टी छोड़ दी है।

उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट कर ये जानकारी दी है। उन्होंने लिखा है कि बीजेपी के द्वारा छल किये जाने से क्षुब्ध होकर मैं पार्टी के सभी पद के साथ प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफ़ा देता हूं।

इसके साथ ही उन्होंने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष से मुलाकात की है। माना जा रहा है कि वह कांग्रेस का दामन थाम सकते हैं।

बता दें कि मुजफ्फरपुर लोकसभा से दो बार जीत दर्ज करने के बावजूद टिकट कटने से अजय निषाद नाराज चल रहे थे।

अजय निषाद मुजफ्फरपुर से लगातार दो बार बीजेपी के कैंडिडेट के तौर पर विजयी रहे। 2019 के लोकसभा चुनाव में महागठबंधन की सहयोगी विकासशील इंसान पार्टी के राज भूषण चौधरी को 4 लाख से ज्यादा वोटों से हराया था।

वहीं 2014 में कांग्रेस के प्रत्याशी और मौजूदा बिहार कांग्रेस के अध्यक्ष डा. अखिलेश प्रसाद सिंह को 22 हजार से ज्यादा मतों से मात दी थी।

लेकिन इस बार बीजेपी ने अजय निषाद का टिकट काटकर राज भूषण चौधरी पर दांव लगाया है।

जानकारी के अनुसार मुजफ्फरपुर की जनता से बेरुखी अजय निषाद को भारी पड़ गई है। यहां से मिले फीड बैंक के आधार पर भाजपा ने इस बार उन्हें टिकट नहीं दिया है।

वहीं बीजेपी के एक और सांसद छेदी पासवान भी कांग्रेस के संपर्क में बताए जा रहे हैं। वो सासाराम से सासंद हैं।

पार्टी के आंतरिक फीड बैंक में ये भी कसौटी पर खरे नहीं उतरे, जिसके कारण इस बार बीजेपी ने इनका भी पत्ता काट दिया है।

इसे भी पढ़ें

बढ़ सकती हैं अंबा की मुश्किल, CO शशि भूषण सिंह से ED कर रही पूछताछ

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं