बिहारः बेटी ने सोशल मीडिया पर लहराया तमंचा, तो पिता को उठा ले गई पुलिस

2 Min Read

भागलपुर, एजेंसियां। बिहार से एक अनोखा मामला सामने आया है। भागलपुर की रहनेवाली एक लड़की ने सोशल मीडिया पर तमंचा लहराया, तो उसके पिता को पुलिस उठा ले गई।

दरअसल, इस लड़की ने अपने इंस्टाग्राम पर पिस्टल के साथ एक तस्वीर डाली। पोस्ट डालते ही वह वायरल हो गई। लड़की का नाम साक्षी कुमारी है।

जब पुलिस को पता लगा, तो लड़की के घर पहुंची। पुलिस को घर पर फोटो वाली युवती तो नहीं मिली लेकिन कट्टा जरूर मिला। इसके बाद पुलिस ने युवती के पिता वेदानंद यादव को गिरफ्तार कर लिया।

मामले की जानकारी देते हुए नवगछिया पुलिस अधीक्षक पूरण कुमार झा ने बताया कि उन्हें जानकारी मिली कि सोशल मीडिया पर एक लड़की की तस्वीर तेजी से वायरल हो रही है।

पुलिस जांच में पता चला कि फोटो जगतपुर के वेदानंद यादव की बेटी साक्षी कुमारी का है। जब फोटो का सत्यापन करने पुलिस लड़की के घर पहुंची तो पुलिस को देखकर लड़की का पिता भागने लगा।

लेकिन पुलिस जवान की मदद से उसे पकड़ लिया गया। इसके बाद जब उससे वायरल तस्वीर के बारे में पूछा गया, तो उसने बताया कि यह फोटो उसकी बेटी साक्षी कुमारी का है।

वहीं हथियार के संबंध में भी उसने कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया। पकड़े गए व्यक्ति के घर की तलाशी क्रम में पुलिस को एक कट्टा बरामद हुआ।

जिसके बाद परवत्ता थाने में आर्म्स एक्ट के तहत उसके विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गयी, जिसमें वेदानंद यादव व उसकी पुत्री साक्षी कुमारी को नामजद आरोपित बनाया गया है।

पुलिस ने वेदानंद यादव को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं उसकी बेटी की तलाशी जारी है।

इसे भी पढ़ें

हटिया स्टेशन पर मुक्त कराये गये 7 नाबालिग, महिला समेत 3 तस्कर गिरफ्तार

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं