दो बिहारियों की चुनावी टक्कर से हिलेगा बंगाल
कोलकाता/पटना। एक भोजपुरी गीत काफी लोकप्रिय है। आरा हिले, छपरा हिले, बलिया हिलेला..। पर इस गीत के विपरीत अब दो बिहारियों की टक्कर से बंगाल हिलने जा रहा है।
बिहार के रहनेवाले बालीवुड सितारे शत्रुध्न सिन्हा ने कभी सपने में भी नहीं सोचा होगा कि उनके बेटे की उम्र का एक भोजपुरी स्टार पवन सिंह उन्हें खामोश कहने की जुर्रत भी करेगा।
पर ऐसा होने जा रहा है जब पवन सिंह शत्रुध्न सिन्हा को खामोश कहते हुए नजर आ सकते हैं। ऐसा हो सकता है अगले लोकसभा चुनाव के दौरान।
चर्चा है कि भाजपा को अगले लोकसभा चुनाव में आसनसोल से पवन सिंह को अपना उम्मीदवार बना सकती है।
वहीं, शत्रुध्न सिन्हा आसनसोल से तृणमूल कांग्रेस के सांसद हैं। ऐसे में यह मुकाबला काफी रोचक होने जा रहा है, जब एक बॉलीवुड सितारे और भोजपुरी स्टार के बीच टक्कर होगी।
लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा उम्मीदवारों की पहली सूची कुछ दिनों के भीतर आने की उम्मीद है।
भाजपा के शीर्ष नेताओं ने 100 से अधिक उम्मीदवारों ने नाम फाइनल कर दिए हैं। इन नामों में पीएम मोदी और अमित शाह की सीट भी शामिल है।
बताया जा रहा है कि गुरुवार को बीजेपी की केंद्रीय समिति की बैठक में 100 कैंडिडेट्स के नाम फाइनल किये जा चुके हैं।
इनमें भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री के गायक-अभिनेता पवन सिंह का नाम सामने आ रहा है। उन्हें बॉलीवुड अभिनेता और टीएमसी सांसद शत्रुघ्न सिन्हा के खिलाफ मैदान में उतारे जाने की चर्चा तेज है।
यहाँ फिलहाल तृणमूल कांग्रेस से बॉलीवुड अभिनेता रहे शत्रुघ्न सिन्हा सांसद हैं। अगर बीजेपी इस सीट पर पवन सिंह को अपना उम्मीदवार बनाती है तो यहाँ दो बिहारियों के बीच चुनावी टक्कर देखने को मिलेगी।
बता दें कि पवन सिंह की बड़ी फैन फॉलोइंग है और फिल्मों में अपने अभिनय और गायकी के दम पर उन्होंने फैंस के दिलों में जगह बना रखी है।
बताया जाता है कि उनकी संपत्ति भी करोड़ों में है। पवन सिंह की गिनती भोजपुरी सिनेमा के सबसे महंगे एक्टर्स में की जाती है।
इतना ही नहीं, पवन सिंह का बचपन भी पश्चिम बंगाल में ही गुजरा है। उनके माता-पिता पश्चिम बंगाल के हावड़ा में रहते थे।
वहीं पवन सिंह का बचपन भी गुजरा है। इसलिए बांग्ला भाषा पर भी उनकी पकड़ शत्रुध्न सिन्हा से अच्छी है।
हालांकि पवन सिंह के करीबियों के मुताबिक वह आरा से चुनाव लड़ना चाहते हैं, क्योंकि ऐसा उनकी मां की इच्छा है और वह मां की बात टालते नहीं।
इसीलिए उन्होंने बीजेपी नेताओं के सामने अपने मन की बात रखी है। परंतु अब तो सब कुछ तय करेगी बीजेपी के उम्मीदवारों की सूची, जिसका सबको बेसब्री से इंतजार है।
इसे भी पढ़ें









