बंगाल में बीजेपी कार्यकर्ताओं पर हमला, एक महिला की मौत, कई घायल

3 Min Read

कोलकाता, एजेंसियां। पश्चिम बंगाल में छठे फेज की वोटिंग से पहले हिंसा भड़क गई है।

नंदीग्राम में हुई हिंसा में एक महिला बीजेपी कार्यकर्ता की मौत हो गई है। करीब 8 लोग घायल हुए है।

नंदीग्राम में महिला भाजपा कार्यकर्ता की हत्या करने का आरोप सत्तारूढ़ पार्टी तृणमूल पर लगा है।

घटना बुधवार रात सोनाचूरा इलाके में घटी है। हमले में कई बीजेपी कार्यकर्ता भी घायल हुए हैं। इनमें से एक की हालत गंभीर होने के कारण उसे कोलकाता रेफर किया गया है।

इस घटना को लेकर पूरे नंदीग्राम में तनाव फैल गया है। पुलिस के मुताबिक इस घटना में अब तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक चुनाव प्रचार के आखिरी चरण के दौरान रात में बीजेपी कार्यकर्ता-समर्थक सोनाचूड़ा के मनसापुकुर बाजार इलाके में थे।

तभी बाइक सवार कुछ बदमाशों ने बीजेपी कार्यकर्ताओं पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया।

उन्होंने रतिबाला नाम की बीजेपी कार्यकर्ता को निशाना बनाते हुए जमकर उत्पात मचाया। वह लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ी।

अपनी मां को बचाने के प्रयास में रतिबाला का बेटा संजय अद्री भी गंभीर रूप से घायल हो गया।

चीख-पुकार सुनकर जब ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो बदमाश वहां से भाग गए। स्थानीय लोग तुरंत रतिबाला और अन्य को नंदीग्राम सुपर स्पेशलिटी अस्पताल ले गए।

हालांकि, अस्पताल के डॉक्टरों ने रतिबाला को मृत घोषित कर दिया। रतिबाला के बेटे की हालत खराब होने पर उसे कोलकाता रेफर कर दिया गया।

इसके अलावा खबर है कि इस घटना में घायल हुए करीब 7 बीजेपी कार्यकर्ताओं का नंदीग्राम अस्पताल में इलाज चल रहा है। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में तनाव का माहौल है।

इस घटना को लेकर नंदीग्राम के बीजेपी नेता मेघनाद पाल ने कहा कि चुनाव से पहले इलाके में दहशत फैलाने के लिए तृणमूल ने यह हमला किया है।

बुधवार को अभिषेक बनर्जी नंदीग्राम में सभा करने पहुंचे थे। उनकी सभा के कुछ ही घंटों के भीतर जिस तरह से भाजपा कार्यकर्ताओं पर धारदार हथियारों से हमला किया गया, वह घृणित है।

उधर, तृणमूल के स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं का दावा है कि यह हमला बीजेपी की अंदरूनी कलह के कारण हुआ है।

बता दें कि नंदीग्राम विधानसभा तमलुक लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आती है। उस लोकसभा सीट पर अगले शनिवार को मतदान होगा। उससे ठीक पहले नंदीग्राम गर्म हो गया है।

इसे भी पढ़ें

दिल्ली पुलिस आज CM अरविंद केजरीवाल के माता-पिता से नहीं करेगी पूछताछ

Share This Article
Exit mobile version