Arijit Singh Retirement Statement:
मुंबई, एजेंसियां। मशहूर गायक अरिजीत सिंह ने हाल ही में अपने रिटायरमेंट को लेकर चल रही अटकलों पर विराम लगाते हुए एक भावुक पोस्ट साझा किया है। जनवरी में प्लेबैक सिंगिंग से दूरी बनाने की घोषणा के बाद उनके फैंस चिंतित हो गए थे, लेकिन अब सिंगर ने साफ कर दिया है कि वह पूरी तरह संगीत से संन्यास नहीं ले रहे हैं।
रिटायरमेंट नहीं, नए प्रोजेक्ट्स से दूरी
अरिजीत सिंह ने अपने संदेश में स्पष्ट किया कि उन्होंने पारंपरिक अर्थों में रिटायरमेंट नहीं लिया है, बल्कि फिलहाल नए असाइनमेंट स्वीकार करना बंद किया है। उन्होंने लिखा कि उनके पास कई अधूरे और पेंडिंग गाने हैं, जो इस साल और संभवतः अगले साल तक रिलीज होते रहेंगे।उन्होंने रहस्यमयी अंदाज में कहा, “कौन जानता है आगे क्या होगा!”, जिससे संकेत मिलता है कि भविष्य में वह फिर से नए प्रोजेक्ट्स के साथ लौट सकते हैं। दिलचस्प बात यह रही कि उन्होंने यह संदेश देने के लिए अपना प्राइवेट एक्स (X) अकाउंट पब्लिक किया, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग उनकी बात जान सकें।
फैंस के नाम इमोशनल नोट
सिंगर ने अपने श्रोताओं के लिए खास संदेश लिखते हुए कहा कि यह पोस्ट सिर्फ उनके चाहने वालों के लिए है। उन्होंने लिखा, “इस बेरहम दुनिया में आपकी मेहरबानी के लिए धन्यवाद। मैं आप सभी से प्यार करता हूं।”उन्होंने लोगों से शांत रहने, मेडिटेशन करने और सकारात्मकता अपनाने की अपील भी की। उनका संदेश आध्यात्मिक और भावनात्मक दोनों अंदाज में था, जिसने फैंस को भावुक कर दिया।
प्लेबैक सिंगिंग को कहा था ‘अलविदा’
27 जनवरी को अरिजीत सिंह ने आधिकारिक तौर पर घोषणा की थी कि वह अब नए प्लेबैक सिंगिंग असाइनमेंट नहीं लेंगे। उन्होंने इसे अपने करियर का “शानदार सफर” बताया और वर्षों तक मिले प्यार के लिए आभार जताया।पिछले एक दशक में अरिजीत सिंह भारतीय संगीत जगत की सबसे लोकप्रिय आवाजों में शुमार रहे हैं। रोमांटिक गीतों से लेकर ऊर्जावान ट्रैक्स तक, उन्होंने हर जॉनर में अपनी अलग पहचान बनाई।
हालांकि उन्होंने नए फिल्मी प्रोजेक्ट्स से ब्रेक लिया है, लेकिन पहले से रिकॉर्ड किए गए उनके कई गाने आने वाले महीनों में रिलीज होते रहेंगे। फिलहाल इतना तय है कि अरिजीत का संगीत से रिश्ता पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है बस एक नया मोड़ जरूर आया है।







