आशुलिपिक के 455 पदों के लिए कल से जमा होंगे आवेदन, दो चरण में परीक्षा [Applications will be submitted for 455 posts of stenographer from tomorrow, examination in two phases]

4 Min Read

सीजीएल के 2025 पदों के लिए 21 और 22 को परीक्षा

रांची। झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) द्वारा सचिवालय में आशुलिपिक के रिक्त पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

विभिन्न विभागों में कुल 455 पदों के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इच्छुक और योग्यता रखने वाले अभ्यर्थी छह सिंतबर से ऑनलाइन आवेदन जमा कर सकते हैं।

आवेदन पांच अक्टूबर तक जमा किए जा सकेंगे। इस विज्ञापन के जरिए नियमित और बैकलॉग दोनों पदों पर बहाली होगी।

ऑनलाइन आवेदन देने है

ऑनलाइन आवेदन के दौरान परीक्षा शुल्क 100 रुपए देने होंगे। राज्य के एससी, एसटी अभ्यर्थियों के लिए परीक्षा शुल्क 50 रुपए है।

राज्य के 40 प्रतिशत या इससे अधिक दिव्यांग अभ्यर्थियों को परीक्षा शुल्क नहीं देना होगा। चयन प्रकिया दो चरणों में होगी। पहले स्किल टेस्ट लिया जाएगा।

इसके बाद लिखित परीक्षा ली जाएगी। स्किल टेस्ट में दो पेपर होंगे। पहले पेपर में हिंदी टाइपिंग टेस्ट लिया जाएगा। वहीं दूसरे पेपर में कंप्यूटर की टेस्टिंग होगी।

इसमें न्यूनतम 30 फीसदी अंक लाने होंगे। इसके बाद लिखित परीक्षा ली जाएगी। लिखित परीक्षा में सभी प्रश्न वस्तुनिष्ठ व बहुवैकल्पिक होंगे।

हर सही उत्तर के लिए तीन अंक दिए जाएंगे, जबकि हर गलत उत्तर के लिए एक अंक की कटौती की जाएगी।

कोटिवार पदों का ब्योरा

कुल पद 455 अनारक्षित 182 अनुसूचित जनजाति 118 अनुसूचित जाति 45 ओबीसी वन 37 ओबीसी टू 27 ईडब्ल्यूएस 45

झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) द्वारा झारखंड सामान्य स्नातक योग्यताधारी संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा 2023 के रिक्त पदों पर नियुक्ति के लिए 21 और 22 सितंबर को परीक्षा आयोजित की जाएगी।

इस परीक्षा के आवेदक 17 सितंबर से जेएसएससी की वेबसाइट से एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं। इस परीक्षा के माध्यम से नियमित और बैकलॉग के 2025 पदों पर नियुक्ति होनी है।

बताते चलें कि सामान्य स्नातक की यह परीक्षा इसी साल 28 जनवरी को आयोजित की गई थी।

पेपर लीक के बाद रद्द हुई थी परीक्षा

पेपर लीक के बाद इस परीक्षा को रद्द कर दी गई थी। वहीं चार फरवरी को होने वाली परीक्षा स्थगित कर दी गई थी।

इसके बाद अभ्यर्थियों ने आयोग कार्यालय के समक्ष जमकर धरना-प्रदर्शन किया था। आयोग अध्यक्ष नीरज सिन्हा ने इस्तीफा दे दिया था।

इस मामले में आयोग द्वारा नामकुम थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। वहीं मामले की जांच के लिए एसआईटी का गठन किया गया था, जिसकी जांच अभी चल ही रही है।

लैब असिस्टेंट का डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन 13 को

जेएसएससी द्वारा झारखंड प्रयोगशाला सहायक प्रतियोगिता परीक्षा-2023 के अल्प सूचीबद्ध अभ्यर्थियों के सेकेंड फेज का डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन 13 सितंबर को दो सिटिंग में होगा।

ऑनलाइन आवेदन के अनुसार जमा प्रमाण पत्रों का ऑरिजनल सर्टिफिकेट के साथ आने के लिए कहा गया है। साथ ही हाल की पासपोर्ट साइज दो कलर फोटो लाने होंगे।

इसे भी पढ़ें

JSSC CGL परीक्षा की तिथि घोषित, इस तिथि को जारी होगा एडमिट कार्ड

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं