अमरावती, एजेंसियां। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री और वाईएसआर कांग्रेस पार्टी अध्यक्ष वाईएस जगन मोहन रेड्डी पर हमला हुआ है। इसमें वे घायल हो गये हैं। उनका सिर फट गया है।
यह हमला एक चुनाव प्रचार के दौरान हुआ। किसी ने पत्थर से उन पर हमला किया। इसमें जगन मोहन घायल हो गए। उनके माथे पर चोट लगी है।
जगन ने विजयवाड़ा में मेमंता सिद्धम (हम सब तैयार हैं) बस यात्रा निकाली थी। वे बस के ऊपर से लोगों का अभिवादन कर रहे थे। इसी दौरान पत्थर फेंका गया।
YSRCP ने बताया कि CM को बस में फर्स्ट एड दिया गया। इसके बाद रेड्डी ने अपनी बस यात्रा फिर से शुरू की। पार्टी ने CM पर हमले को लेकर तेलुगु देशम पार्टी (TDP) को जिम्मेदार ठहराया है।
YSRCP ने कहा कि TDP के लोग CM रेड्डी की यात्रा की लोकप्रियता को सहन नहीं कर सके। राज्य की जनता 13 मई को इसका जवाब देगी।
आंध्र प्रदेश में 13 मई को लोकसभा की 25 और विधानसभा की 175 सीटों के लिए वोट डाले जाएंगे। यात्रा समाप्त होने के बाद जगन मोहन को अस्पताल ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने उनकी जांच की।
इसे भी पढ़ें









