Amit Shah Seemanchal rally: अमित शाह सीमांचल में बोले- घुसपैठियों को चुन-चुनकर किया जाएगा बाहर

2 Min Read

Amit Shah Seemanchal rally:

सीमांचल, एजेंसियां। तीन दिवसीय बिहार दौरे पर पहुंचे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सीमांचल क्षेत्र में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अवैध घुसपैठ के मुद्दे पर कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि घुसपैठियों को हटाना केवल चुनावी वादा नहीं, बल्कि मोदी सरकार का दृढ़ संकल्प है। शाह ने ऐलान किया कि सीमांचल इलाके में घुसपैठियों की पहचान कर अभियान चलाया जाएगा और उन्हें चुन-चुनकर देश से बाहर किया जाएगा।

गृह मंत्री ने कहा

अपने संबोधन में गृह मंत्री ने सीमा सुरक्षा को लेकर कहा कि जिन देशों की सीमाएं फेंसिंग से सुरक्षित होती हैं, वहां निगरानी अपेक्षाकृत आसान होती है, लेकिन खुली सीमाओं की सुरक्षा चुनौतीपूर्ण होती है। उन्होंने मल्टी-लेयर सुरक्षा व्यवस्था, मजबूत इंटेलिजेंस सिस्टम और स्थानीय लोगों के सहयोग को जरूरी बताया। साथ ही सशस्त्र सीमा बल के अधिकारियों को तस्करी रोकने और सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के निर्देश दिए गए हैं।

अमित शाह ने कहा 10 किलोमीटर के दायरे का अवैध अतिक्रमण हटेगा

अमित शाह ने भारत-नेपाल सीमा सड़क योजना के तहत लगभग 554 किलोमीटर लंबी बॉर्डर रोड निर्माण को स्वीकृति दिए जाने की जानकारी भी दी। उन्होंने कहा कि सीमा से 10 किलोमीटर के दायरे में हुए अवैध अतिक्रमण को हटाया जाएगा। सीमा पर तैनात जवानों को बेहतर प्रशिक्षण देने और निगरानी तंत्र मजबूत करने पर भी जोर दिया गया।

अपने भाषण के दौरान शाह ने पश्चिम बंगाल में होने वाले आगामी चुनावों को लेकर भी दावा किया कि वहां भारतीय जनता पार्टी जीत दर्ज करेगी। उन्होंने कहा कि बिहार में घुसपैठ का मुद्दा जनता ने स्वीकार किया और एनडीए को बहुमत मिला। इसी तर्ज पर बंगाल में भी भाजपा सरकार बनने के बाद सीमा क्षेत्रों में बाड़बंदी का काम प्राथमिकता से किया जाएगा और अवैध घुसपैठियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article