अमित शाह बोले- चारा चोर के जाने के बाद हुआ बिहार का विकास

2 Min Read

पटना, एजेंसियां। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने सोमवार को बिहार के बेगूसराय और झंझारपुर में चुनावी जनसभा को की।

शाह करीब 3 घंटे बिहार में रहे। बेगूसराय में शाह ने केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह के लिए वोट मांगा।

उन्होंने कहा कि बिहार से जब से चारा चुराने वालों की सरकार गई है, विकास हो रहा है। शाह ने कहा कि इन लोगों की सरकार बन गई तो शरिया कानून लागू कर देंगे।

इसके पहले मधुबनी के झंझारपुर की सभा में उन्होंने जनता से पूछा कि आप लोग बताइए लालू, राहुल, ममता प्रधानमंत्री बनने लायक हैं।

अगर गलती से आप लोगों ने इनकी सरकार बना दी तो ये एक-एक साल के पीएम रहेंगे। यही इनके बीच डील हुई है।

शाह ने कहा कि लालू जी ने चारा, शिक्षा, रेलवे भूमि में भी घोटाला किया। लालू का एकमात्र लक्ष्य अपने बेटे को मुख्यमंत्री बनाना है।

सोनिया गांधी का एकमात्र लक्ष्य अपने बेटे को पीएम बनाना है। इन लोगों के पास ना नेता है, ना विजन। जनता की भलाई सिर्फ नरेन्द्र मोदी कर सकते हैं।

शाह ने कहा कि इंडी गठबंधन के सभी नेताओं को राम मंदिर बुलाया गया, लेकिन गंदी राजनीति के लिए वो लोग नहीं आए। देश की जनता इसका जवाब देगी।

उन्होंने कहा कि कर्पूरी ठाकुर यहीं से विधायक रहे हैं। लालू और उनकी कंपनी ने कर्पूरी ठाकुर को सम्मान नहीं दिया। हमारी सरकार ने उन्हें भारत रत्न दिया।

शाह ने झंझारपुर की धरती से मिथिलांचल के लोगों को प्रणाम के साथ संबोधन शुरू किया। उन्होंने सीता माता को भी नमन किया।

इसे भी पढ़ें

बिहार मे अमित शाह का हेलीकाप्टर बाल-बाल बचा

Share This Article
Exit mobile version