Amalaki Ekadashi date 2026: कल हैं आमलकी एकादशी, जानें तिथि, पूजा का शुभ मुहूर्त

3 Min Read

Amalaki Ekadashi date 2026:

नई दिल्ली, एजेंसियां। सनातन धर्म में एकादशी व्रत का विशेष महत्व माना गया है। यह व्रत भगवान विष्णु को समर्पित होता है और प्रत्येक माह दो बार कृष्ण पक्ष और शुक्ल पक्ष में रखा जाता है। फाल्गुन माह के शुक्ल पक्ष में पड़ने वाली आमलकी एकादशी इस वर्ष 27 फरवरी 2026, शुक्रवार को मनाई जाएगी। धार्मिक मान्यता है कि इस दिन विधि-विधान से पूजा करने पर भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी की विशेष कृपा प्राप्त होती है तथा सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं।

आमलकी एकादशी 2026 की तिथि

पंचांग के अनुसार, एकादशी तिथि का आरंभ 27 फरवरी को रात 12 बजकर 33 मिनट पर होगा और इसका समापन उसी दिन रात 10 बजकर 32 मिनट पर हो जाएगा। उदया तिथि के अनुसार 27 फरवरी को ही व्रत रखा जाएगा।

पूजा का शुभ मुहूर्त और विशेष योग

इस बार आमलकी एकादशी पर कई शुभ योगों का संयोग बन रहा है। सर्वार्थ सिद्धि योग, रवि योग, आयुष्मान योग और सौभाग्य योग इस दिन को और भी फलदायी बना रहे हैं। इन शुभ योगों में पूजा-पाठ और दान करने से विशेष पुण्य फल की प्राप्ति होती है।पूजा के लिए सबसे उत्तम समय सुबह 7:00 बजे से 9:30 बजे के बीच माना गया है। इस अवधि में भगवान विष्णु की आराधना करना अत्यंत शुभ रहेगा।

आमलकी एकादशी की पूजा विधि

इस दिन प्रातःकाल स्नान कर स्वच्छ वस्त्र धारण करें और व्रत का संकल्प लें। भगवान विष्णु की प्रतिमा या चित्र के सामने दीपक जलाएं। धूप, पुष्प, फल और तुलसी अर्पित करें। आमलकी एकादशी पर आंवले के वृक्ष की पूजा का विशेष विधान है, क्योंकि आंवला भगवान विष्णु को अत्यंत प्रिय है।आंवले के पेड़ पर जल अर्पित करें, उसके नीचे दीप प्रज्वलित करें और ‘ॐ नमो भगवते वासुदेवाय’ मंत्र का जप करें। इसके बाद व्रत कथा का पाठ करें और अंत में आरती करें।

व्रत पारण का समय

धर्म शास्त्रों के अनुसार, एकादशी व्रत का पारण द्वादशी तिथि को किया जाता है। आमलकी एकादशी व्रत का पारण 28 फरवरी को सुबह 6:47 बजे से 9:06 बजे के बीच करना शुभ रहेगा।

Share This Article