बोले- पीड़ित परिवार का पूरी तरह साथ देंगे, कानूनी कार्रवाई के कारण अल्लू नहीं आ सके
हैदराबाद, एजेंसियां। ‘पुष्पा 2‘ के प्रीमियर के दौरान हैदराबाद के संध्या थिएटर में हुई भगदड़ में एक महिला की मौत हो गई थी, जबकि उनका 9 साल का बेटा श्रीतेज गंभीर रूप से घायल हो गया। अल्लू अर्जुन के पिता अल्लू अरविंद श्रीतेज से मिलने KIMS अस्पताल पहुंचे। इस दौरान उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात की और उन्हें हर संभव मदद का आश्वासन दिया। मंगलवार को शहर के पुलिस कमिश्नर सीवी आनंद और तेलंगाना सरकार की स्वास्थ्य सचिव डॉ. क्रिस्टीना आईएएस भी श्रीतेज का हालचाल जानने के लिए अस्पताल पहुंचे थे।
हम मृतक के परिवार का पूरा साथ देंगेः
एक्टर के पिता अल्लू अरविंद ने कहा, ‘हम मृतक के परिवार का पूरी तरह साथ देंगे। इसमें सरकार भी हमारे साथ है। इस मामले पर कानूनी कार्रवाई की वजह से अल्लू अर्जुन यहां नहीं आ सके। मैं आज उनकी जगह पर यहां आया हूं। पिछले 10 दिनों में बच्चे की हालत धीरे-धीरे ठीक हो रही है, लेकिन इसमें और समय लग सकता है।’
भगदड़ के दौरान ब्रेनडेड गया बच्चाः
हैदराबाद के पुलिस कमिश्नर सी.वी. आनंद और तेलंगाना सरकार की स्वास्थ्य सचिव डॉ. क्रिस्टीना आईएएस श्रीतेज का हालचाल जानने के लिए 17 दिसंबर को KIMS अस्पताल पहुंचे थे। पुलिस कमिश्नर ने बताया था, ‘भगदड़ के दौरान सांस न ले पाने के कारण श्रीतेज का ब्रेन डेड हो गया था और उन्हें ठीक होने में काफी समय लगेगा।’
स्वास्थ्य सचिव डॉ क्रिस्टीना ने कहा कि हम श्रीतेज की स्वास्थ्य स्थिति की नियमित रूप से निगरानी कर रहे हैं और उनके जल्द ठीक होने की उम्मीद करते हैं।
इसे भी पढ़ें
कांग्रेस ने अमित शाह के बयान और मणिपुर हिंसा के खिलाफ रांची में निकाला विरोध मार्च







