रांची : चेक बाउंस के एक मामले में शनिवार को अभिनेत्री अमीषा पटेल ने रांची सिविल कोर्ट के सिविल जज सीनियर डिवीजन डीएन शुक्ला की अदालत में सरेंडर किया। सरेंडर के बाद अदालत ने उन्हें 10,000 रुपये के दो बेल बांड पर जमानत दे दी। अमीषा पटेल पूरी तरह मुंह ढंककर अदालत पहुंची थी, हालांकि बाद में लोगों ने उन्हें पहचान लिया।
दरअसल, अरगोड़ा निवासी अजय कुमार सिंह ने 17 नवंबर 2018 को सीजेएम कोर्ट में एक मामला दर्ज कराया था। इसमें उन्होंने आरोप लगाया था कि म्यूजिक मेकिंग के नाम पर अमीषा पटेल ने अजय कुमार सिंह से ढाई करोड़ रुपये लिए लेकिन उन्होंने इस दिशा में कोई कदम नहीं उठाया। बाद में फिल्म निर्माण के लिए भी अमीशा ने ढाई करोड़ लिए। दोनों पक्षों में हुए एकरारनामे के अनुसार जब फिल्म 2018 में रिलीज नहीं हुई तो अजय सिंह ने पैसे वापस मांगे।
बाद में बहुत टालमटोल के बाद अमीषा ने ढाई करोड़ और पचास लाख के दो चेक दिए जो बाउंस हो गये। इसके बाद अजय सिंह ने अमीषा पटेल पर मुकदमा किया था। इसी मामले में अमीषा पटेल के खिलाफ रांची सिविल कोर्ट ने वारंट जारी किया था और इसे लेकर अमीषा पटेल शनिवार को अदालत में पेश हुई। इस मामले में उन्हें 21 जून को फिर कोर्ट में पेश होना है। यदि वो पेश नहीं होंगी तो उनका बेल बांड खारिज कर दिया जायेगा।







