लखनऊ। उत्तर प्रदेश में बड़ा हादसा हुआ है। प्रदेश के कासगंज में शनिवार को एक ट्रैक्टर-ट्रॉली तालाब में पलट गई।
हादसे में 15 लोगों की मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि ट्रॉली में 40 लोग सवार थे। सभी डूब गये हैं। मरने वालों में 8 महिलाएं और 7 बच्चे शामिल हैं।
मौके पर पुलिस पहुंच गई है और बुलडोजर से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। बताया जा रहा है कि मरने वालों की संख्या बढ़ भी सकती है। ट्रॅाली में सवार सभी लोग एटा के जैथरा के रहने वाले हैं।
स्थानीय लोगों के मुताबिक हादसा स्पीड की वजह से हुआ। ड्राइवर के कंट्रोल खोने से ट्रैक्टर सड़क से उतरकर तालाब में जा गिरा।
ये लोग माघी पूर्णिमा पर ट्रैक्टर-ट्रॉली से कासगंज स्थित कादरगंज घाट पर गंगा स्नान करने जा रहे थे। रास्ते में रियावगंज पटियाली मार्ग पर गढ़ई गांव के पास हादसा हो गया।
ट्रॉली के पलटते ही चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर आस-पास के लोग पहुंच गये। देखते-देखते बड़ी संख्या में लोग जुट गए और बचाव कार्य में जुट गये।
स्थानीय डीएम ने अब तक 15 लोगों के मौत की पुष्टि की है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे शोक जताया है।
साथ ही उन्होंने प्रशासन बचाव कार्य में तत्परता दिखाने का निर्देश दिया है।
इसे भी पढ़ें
मुख्य चुनाव आयुक्त 3 मार्च से करेंगे बंगाल का दौरा, तीन दिन में जानेंगे राज्य के हालात









