आपने ‘‘मुफ्त सुविधाओं’’ पर टिप्पणी को लेकर उपराज्यपाल सक्सेना पर निशाना साधा

2 Min Read

नयी दिल्ली : आम आदमी पार्टी (आप) की मुख्य प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ ने ‘‘मुफ्त सुविधाओं’’ पर की गई टिप्पणी को लेकर उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना पर शुक्रवार को निशाना साधा और कहा कि उन्हें इसके लिए जनता से माफी मांगनी चाहिए।

आप की मुख्य प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ ने कहा कि उपराज्यपाल को करदाताओं के पैसे की कीमत पर मिल रही ‘‘सुविधाएं छोड़ देनी चाहिए।’’सक्सेना ने ‘दिल्ली 2041 – न्यू मास्टर प्लान’ नामक एक कार्यक्रम में बुधवार को कहा था कि दिल्ली के लोग अब ‘‘मुफ्त चीजों के आदी’’ हो गए हैं। कक्कड़ ने यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा कि उपराज्यपाल को अपना बयान वापस लेना चाहिए और जनता से माफी मांगनी चाहिए।

उन्होंने कहा, ‘‘उपराज्यपाल ने दिल्ली की जनता का अपमान किया है। उन्हें पता होना चाहिए कि दिल्ली में सबसे ज्यादा कर (टैक्स) वसूला जाता है। पिछले वित्त वर्ष में दिल्लीवासियों से 1.75 लाख करोड़ रुपये का कर वसूला गया था।’’ उन्होंने कहा, ‘‘केंद्र सरकार की समस्या यह है कि दिल्ली में पूरी तरह से ईमानदार सरकार है।

उपराज्यपाल को 3,000 से 4,000 यूनिट बिजली मुफ्त मिलती है। राजनिवास में निशुल्क रहते हैं। ये दिल्ली के करदाताओं का पैसा है। यदि उन्हें लोगों को दी जाने वाली मुफ्त सुविधाओं से कोई दिक्कत है तो उन्हें करदाताओं के पैसे पर मिल रही सुविधाओं को स्वीकार करना बंद कर देना चाहिए।’’ कक्कड़ ने उपराज्यपाल पर पूर्व में कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों को रोकने और राष्ट्रीय राजधानी के लोगों के लिए ‘‘परेशानी’’ पैदा करने का आरोप लगाया।

‘आप’ की मुख्य प्रवक्ता ने आरोप लगाया, ‘‘एक ओर, उपराज्यपाल मुफ्त योग कक्षाएं, ‘रेड लाइट ऑन, गाड़ी ऑफ’ और यहां तक कि सरकारी शिक्षकों के प्रशिक्षण कार्यक्रमों जैसे महत्वपूर्ण सरकारी कार्यक्रमों को रोक देते हैं और वहीं दूसरी ओर, वह करदाताओं का अपमान करते हैं।’’

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं