नयी दिल्ली : एयरलाइन कंपनी स्पाइसजेट के एक विमान में दरवाजे का लॉक खराब होने से एक यात्री करीब एक घंटे तक शौचालय में फंसा रहा। स्पाइसजेट के एक प्रवक्ता ने बताया कि यह घटना मंगलवार को मुंबई से बेंगलुरु जा रहे विमान में हुई और यात्री को टिकट के पूरे पैसे वापस किए जा रहे हैं।
मिली जानकारी के मुताबिक, विमान ने जैसे ही उड़ान भरी, वैसे ही यात्री सीटबेल्ट खोलकर टॉयलेट में गया. मगर टॉयलेट के दरवाजे में हुई गड़बड़ी की वजह से वह भीतर ही फंस गया। यात्री ने टॉयलेट के भीतर से क्रू मेंबर्स को फंसे होने का अलर्ट भी भेजा।
इसके बाद आनन-फानन में क्रू मेंबर्स ने दरवाजा खोलने की कोशिश की। मगर उनसे भी दरवाजा नहीं खुला। इसके बाद बेचारा यात्री 1.30 घंटे तक टॉयलेट के भीतर ही फंसा रहा।
वहीं, जब क्रू मेंबर्स को लगा कि अब टॉयलेट का दरवाजा नहीं खुलने वाला है, तो एक एयर हॉस्टेस ने कागज पर बड़े-बड़े शब्दों में लिखा, ‘सर हमने दरवाजा खोलने की बहुत कोशिश की है. मगर हम इसे खोल नहीं पाए हैं। आप घबराइए मत, हम कुछ देर में लैंड करेंगे।
इसलिए आप कमोड का ढक्कन गिराइए और उस पर बैठे रहिए और खुद को सुरक्षित रखिए। जैसे ही हम लैंड करेंगे, वैसे ही इंजीनियर हमारी मदद करेंगे।’ इस कागज को फिर दरवाजे के नीचे से यात्री तक पहुंचा दिया गया। स्पाइसजेट की फ्लाइट मंगलवार को सुबह 3.42 बजे बेंगलुरू एयरपोर्ट पर लैंड हुई।
जैसे ही विमान लैंड हुआ, वैसे ही इंजनीयिर्स वहां पहुंचे और उन्होंने दरवाजा तोड़कर यात्री को टॉयलेट से बाहर निकाला। यात्री को तुरंत प्राथमिक उपचार के लिए लेकर जाया गया। अधिकारियों ने बताया कि पीड़ित यात्री घुटन की वजह से सदमे में था।
इसे भी पढ़ें
डीपफेक का शिकार बने क्रिकेट के भगवान
इडी पर भड़के बंधु तिर्की, कहा-आदिवासियों से नाराजगी मोल लेना ठीक नहीं








