पटना। नालंदा जिले में एक शादी समारोह के दौरान जश्न के माहौल में फायरिंग के दौरान गोली लगने से एक युवती की मौत हो गई।
शादी ब्याह के दौरान हो रही हर्ष फायरिंग को रोकने के लिए सरकार द्वारा सख्त कानून बनाया गया, ताकि हर्ष फायरिंग में हो रही घटना को रोका जा सके।
बावजूद इसके ग्रामीण क्षेत्रों में हर्ष फायरिंग की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। बीते बुधवार की रात नालंदा के सरमेरा थाना क्षेत्र के धनावां डीह गांव में यह घटना घटी।
जहां देर रात हर्ष फायरिंग के दौरान एक युवती की मौके पर ही मौत हो गई। धनावां डीह गांव निवासी रंजीत सिंह की पुत्री की शादी थी। बारात पटना से आई थी।
आसपास के लोग अपनी छत से लोग समधी मिलन कार्यक्रम देख रहे थे। मृतका करीना कुमारी भी अपने परिवार के साथ छत पर थी।
इसी दौरान शराती पक्ष की तरफ से ताबड़तोड़ हर्ष फायरिंग की जा रही थी। तभी एक गोली छत पर खड़ी करीना कुमारी को लगी और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
परिजनों ने बताया की यहा हादसा होते ही शादी समारोह की खुशियां मातम में बदल गई। हर तरफ रोने बिलखने की चीत्कार गूंजने लगी।
सूचना मिलते ही सरमेरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल बिहार शरीफ भेज दिया है।
मामले की जांच पुलिस कर रही है फिलहाल गोली चलाने वाले युवक फरार बताये जा रहे हैं।
इसे भी पढ़ें
12 मार्च से चलेगी रांची-बनारस वंदे भारत, पीएम दिखायेंगे हरी झंडी








