औरंगाबाद, एजेंसियां। एक बुजुर्ग को टक्कर मार कर भाग रही तेज रफ्तार कार हड़बड़ी में हाइवा में जा घुसी और इससे कार में सवार 5 दोस्तों की मौत हो गयी।
ये दुर्घटना बिहार के औरंगाबाद में हुई है। सभी मृतक रोहतास जिले के डेहरी के रहने वाले थे।
सभी दोस्त डेहरी की कचौड़ी गली के रहने वाले सनी गुप्ता नाम के युवक की कार से वाटर पार्क जा रहे थे।
हादसे के समय कार को सनी गुप्ता चला रहा था। सभी गया के वाटर पार्क में घूमने के लिए जा रहे थे।
इसी बीच कार ने औरंगाबाद के एनएच पर एक बुजुर्ग को टक्कर मार दी। घबराहट में सनी ने कार की रफ्तार तेज कर दी।
इससे कार अनियंत्रित हो गयी और उसने सड़क के एक ओर खड़े हाइवा को टक्कर मार दी।
इसमें 3 दोस्तों की मौत मौके पर ही हो गयी। घटना में घायल 2 दोस्तों को किसी तरह जमुहार के नारायण मेडिकल कॉलेज में ले जाया गया।
गंभीर हालत के कारण दोनों दोस्तों को चिकित्सकों ने वाराणसी के एक अस्पताल में रेफर कर दिया।
लेकिन वाराणसी में इलाज के बीच ही घायल दोनों दोस्तों ने भी दम तोड़ दिया। सभी मृतकों के परिजनों को इस हादसे की जानकारी दे दी गयी है।
इधर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इस दर्दनाक हादसे पर दुख जताया है। सोशल मीडिया एक्स पर उन्होंने ट्विट कर लिखा है, औरंगाबाद में एनएच पर सड़क हादसे में 5 लोगों की मृत्यु दुःखद रूप से हो गयी है।
मृतकों के परिजनों को दुःख की इस घड़ी में धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना है।
इसे भी पढ़ें









