पलामू सीएम एक्सीलेंस स्कूल की विज्ञान की 45 में 38 छात्राएं फेल, हंगामा

2 Min Read

पलामू,एजेंसियां: सीएम एक्सीलेंस केजी स्कूल की 45 में से 38 छात्राएं 12वीं साइंस की परीक्षा में फेल हो गई हैं। शुक्रवार को कॉपी दोबारा जांच की मांग को लेकर सभी छात्राएं समाहरणालय पहुंचीं और डीसी से मुलाकात की।

बताते चलें कि सीएम एक्सीलेंस केजी स्कूल की 45 छात्राओं ने विज्ञान की परीक्षा दी थी। इनमें से केवल सात ही पास हुईं। अन्य 38 फेल हो गई हैं।

कॉपी रिचेक की मांग करने पहुंचे छात्राओं ने बताया कि कुछ को तीन तो कुछ को चार अंक मिले हैं। ऐसे में सभी फेल छात्राएं रिजल्ट पर असंतोष जताते हुए कलक्ट्रेट पहुंचीं और मामले की जानकारी उपायुक्त को दी।

उपायुक्त शशि रंजन ने मामले में जिला शिक्षा पदाधिकारी दुर्गानंद झा को कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। डीइओ ने छात्राओं से आवेदन लेकर जैक को भेज दिया है।

नियमानुसार ऐसे मामलों में उत्तर पुस्तिकाओं की जांच की जाती है, लेकिन सभी छात्राएं कॉपी दोबारा जांच की मांग पर अड़ी हैं। साथ ही किसी भी प्रकार का शुल्क न लेने का अनुरोध किया है।

छात्राओं का कहना है कि 11वीं की परीक्षा में उन्हें अच्छे अंक मिले थे। 12वीं की परीक्षा में सभी को फेल कर दिया गया है। प्रायोगिक परीक्षा में सभी छात्राओं का प्रदर्शन बेहतर रहा है।

इसे भी पढ़ें

बिहारः बक्सर में अपराधियों ने ज्वेलर को गोली मारी

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं