दिल्ली में एक परिवार के 2 की हत्या, 1 बच्चा घायल [2 of a family murdered, 1 child injured in Delhi]

3 Min Read

पहले मिठाई दी, फिर पैर छूकर बरसाई ताबड़तोड़ गोलियां

नई दिल्ली, एजेंसियां। दिल्ली के शहादरा में दीपावली के मौके पर एक ही परिवार के दो लोगों की हत्या कर दी गई। वहीं, 10 साल का एक बच्चा भी इस हमले में घायल हुआ है, जिसका इलाज चल रहा है। आरोपी ने दिवाली के मौके पर पहले पैर छुए फिर गोलीबारी कर दी।

पांच राउंड फायरिंग में कुल तीन लोगों को निशाना बनाया गया। इनमें से दो की मौत हो गई। वहीं, एक का इलाज चल रहा है। मामला शाहदरा के फर्श बाजार का है। यहां आरोपी ने 40 साल के आकाश शर्मा को अपना निशाना बनाया। दिवाली के मौके पर आरोपी ने पहले आकाश के पैर छुए फिर फायरिंग कर दी।

आकाश के अलावा उनके 16 साल के भतीजे ऋषभ और 10 साल के बेटे कृष को भी गोली लगी। आकाश और ऋषभ की मौत हो गई। वहीं, कृष अस्पताल में भर्ती है।

बिलखती मां ने बताया आंखों देखा हालः

घटना के बाद मृतक आकाश की मां का बयान सामने आया है। उन्होंने बताया कि घर के अंदर सब लोग दिवाली मना रहे थे। तभी लक्ष्य नाम का एक शख्स आया और उसने दरवाजा खटखटाया। उन्होंने छत से नीचे देखा तो लक्ष्य और एक अन्य शख्स मुंह को ढके हुए खड़ा था।

उन्होंने जब उनसे आने का कारण पूछा तो लक्ष्य ने मिठाई का डिब्बा दिखाते हुए उसे लेने को कहा। मां ने बताया कि उन्होंने बाल्टी नीचे लटकाकर डिब्बा ले लिया। लेकिन वह फिर से दरवाजा बजाने लगे।

उन्होंने बताया कि जब वह नीचे आई तो उनका बेटा अंदर भाग रहा था। वह भी पीछे आए और उन्होंने गोलियां बरसा दी।

पैसे देकर हत्या कराने का आरोपः

मृतक की मां ने बताया कि हमला करने वाले आरोपियों ने पहले आकाश के पैर छुए फिर उन्हें गोली मार दी। बंटी और पुनीत ने पैसे देकर उनके बेटे और धेवते को मरवाया है। उनका आरोप है कि पहले इन्हीं लोगों ने उनके पति को मरवाया था।

यह लोग उनके मकान में हिस्सा मांगते हैं। उन्होंने यह मकान खुद पैसे देकर खरीदा है। मृतक की मां का कहना है कि वह हमला करने वाले आरोपियों को पहचानती है। उनसे कई सालों से जमीनी विवाद चला आ रहा है।

उनका कहना है कि हमलावर युवक कई दिनों से उनकी गली में घूमते हुए देखे गए हैं। पुलिस ने भी घटना को लेकर आपसी रंजिश की आशंका जताई है।

इसे भी पढ़ें

दिल्ली में एयर पॉल्यूशन से बैचेन लोग

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं