बिहार की बिजली कंपनियों में 4000 पदों पर होगी बहाली [4000 posts will be filled in Bihar’s power companies]

3 Min Read

पटना, एजेंसियां। बिहार की बिजली कंपनियों में 4000 पदों पर बहाली होगी। यह राज्य के युवाओं के लिए एक बड़ा अवसर है।

जानकारी के अनुसार, साउथ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड में 2200 तो नॉर्थ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड में 1800 पदों पर बहाली होगी।

अगले तीन वर्षों में इन कंपनियों में इंजीनियर और अन्य पदों पर भर्ती की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। मौजूदा वित्तीय वर्ष 2025-26 में ही लगभग ढाई हजार पदों पर भर्ती की जाएगी। इस बहाली के बाद कंपनी में कुल कर्मियों की संख्या 13 हजार से अधिक हो जाएगी।

कब कितनी भर्ती होगीः

इसके अलावा, इन कंपनियों ने इस बहाली के बारे में बिहार विद्युत विनियामक आयोग को जानकारी दी है। आयोग के अनुसार, साउथ बिहार कंपनी में फिलहाल 5488 कर्मी कार्यरत हैं। इस वर्ष 1400 पदों पर भर्ती होगी और 134 कर्मी रिटायर होंगे, जिससे कुल कर्मियों की संख्या 6754 हो जाएगी।

अगले वर्ष 420 पदों पर भर्ती की जाएगी और 119 कर्मी रिटायर हो जाएंगे। तीसरे वर्ष में 380 पदों पर भर्ती होगी और 107 कर्मी रिटायर हो जाएंगे, जिससे कुल कर्मियों की संख्या 7328 हो जाएगी।

वहीं, नॉर्थ बिहार कंपनी में फिलहाल 4029 कर्मी हैं। इस वर्ष 1170 पदों पर भर्ती होगी और 54 कर्मी रिटायर होंगे, जिससे कुल कर्मियों की संख्या 5145 हो जाएगी। अगले वर्ष 329 पदों पर भर्ती होगी और 56 कर्मी रिटायर होंगे, जिसके बाद कुल कर्मियों की संख्या 5418 हो जाएगी।

हर साल 6 लाख नये उपभोक्ताः

बिहार में हर साल औसतन छह लाख नए बिजली उपभोक्ता जुड़ रहे हैं। इस समय बिहार में 2 करोड़ 12 लाख से अधिक बिजली उपभोक्ता हैं और मार्च 2026 तक यह संख्या 2 करोड़ 18 लाख से अधिक हो सकती है।

मार्च 2027 तक इसमें छह लाख और वृद्धि होनी तय मानी जा रही है। यह भर्ती योजना न केवल बिहार की बिजली कंपनियों को मजबूती देगी, बल्कि राज्य में रोजगार के नए अवसर भी उत्पन्न करेगी।

इसे भी पढ़ें

बिहार होमगार्ड में भर्ती के लिए आज से आवेदन प्रक्रिया शुरू, हो जाइये तैयार

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं