हैदराबाद, एजेंसियां। तेलंगाना के नागरकुरनूल जिले में स्थित एसएलबीसी सुरंग में हुए हादसे को आज पांच दिन हो गए हैं। इस हादसे में सुरंग के अंदर काम कर रहे मजदूरों में से आठ लोग फंस गए थे, जिनकी बचाव के लिए रेस्क्यू टीम लगातार कोशिशें कर रही है। एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम में, सुरंग में फंसे मजदूरों को बचाने के लिए लगी विशेषज्ञों की टीम सुरंग के अंत तक पहुंचने में सफल रही, हालांकि अभी तक इन फंसे हुए मजदूरों के बारे में कोई खबर नहीं मिली है।
कब घटी ये घटना
हादसा 22 फरवरी, शनिवार की सुबह हुआ जब सुरंग में 50 लोग काम कर रहे थे। यह सुरंग 44 किमी लंबी बनाई जा रही है, जो श्रीशैलम प्रोजेक्ट से नलगोंडा जिले में 4 लाख एकड़ जमीन की सिंचाई के लिए पानी पहुंचाएगी। टीम सुरंग के 13.5 किमी अंदर पहुंची थी, तभी अचानक छत गिर गई और 42 मजदूर किसी तरह बाहर निकलने में सफल हो गए, जबकि आठ लोग सुरंग में फंस गए। इनमें से छह मजदूर जयप्रकाश एसोसिएट्स कंपनी के कर्मचारी हैं और दो अमेरिकी कंपनी के कर्मचारी हैं।
अब तक सुरंग का 34.5 किमी का काम पूरा हो चुका है, जबकि 9.5 किमी का काम बाकी है। रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है, लेकिन सुरंग के भीतर फंसे मजदूरों का अब तक कोई पता नहीं चल सका है, जिससे चिंता बढ़ गई है।
इसे भी पढ़ें
तेलंगाना के टनल में फंसे झारखंड के मजदूरों का अब तक पता नहीं. परिजन चिंतित







