लातेहार: लातेहार पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए कुख्यात सीपीआई माओवादी नक्सली चंद्रदेव सिंह को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने चंद्रदेव सिंह के पास से दो AK-47 राइफल, चार मैगजीन, 91 जिंदा कारतूस, दो राइफल क्लीनिंग ऑयल, तीन नक्सली डायरी और अन्य सामग्रियां बरामद की हैं।
गिरफ्तार नक्सली चंद्रदेव सिंह लातेहार जिले के मानिका थाना क्षेत्र के कुई गांव का निवासी है। वह सीपीआई माओवादी का एक सक्रिय सदस्य है और पिछले महीने जोनल कमांडर छोटू खेरवार की हत्या में मुख्य आरोपी था। चंद्रदेव पर लातेहार के विभिन्न थानों में कुल छह आपराधिक मामले दर्ज हैं।
लातेहार एसपी कुमार गौरव ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि चंद्रदेव सिंह किसी बड़ी घटना को अंजाम देने के उद्देश्य से मानिका थाना क्षेत्र में घूम रहा है। यह गिरफ्तारी पुलिस के लिए बड़ी सफलता है। हमें जानकारी मिली थी कि माओवादी संगठन का एक समूह मानिका और शिवादोहर के सीमावर्ती क्षेत्रों में सक्रिय है और ठेकेदारों से वसूली की कोशिश कर रहा है। इसके बाद एक टीम गठित कर अभियान चलाया गया। इस दौरान चंद्रदेव सिंह को गिरफ्तार किया गया, जबकि उसके अन्य साथी फरार हो गए।
इसके साथ उन्होंने आगे बताया कि चंद्रदेव ने पूछताछ में स्वीकार किया है कि वह न केवल वसूली के मामलों में सक्रिय था, बल्कि छोटू खेरवार की हत्या में भी शामिल था। अब लातेहार जिले में माओवादी संगठन कमजोर हो चुका है।
सक्रिय माओवादियों की संख्या 10 से भी कम रह गई है। चंद्रदेव सिंह की गिरफ्तारी के बाद संगठन की गतिविधियां और सीमित हो जाएंगी।
लातेहार पुलिस और सुरक्षा बलों ने इस कार्रवाई के जरिए नक्सलियों पर दबाव बढ़ाया है। इस अभियान से इलाके में शांति और सुरक्षा बनाए रखने में मदद मिलेगी।
इसे भी पढ़ें
लातेहार में पुल निर्माण कार्य में लगे मुंशी की गला रेत कर हत्या, लेवी न देने का आरोप