रांची : झारखंड की ब्यूरोक्रेसी में बहुत बड़ा बदलाव हुआ है। 1988 बैच के आईएएस ऑफिसर एल ख्यांगते झारखंड के नये चीफ सेक्रेटरी बनाये गये हैं। वे श्रीकृष्ण लोक प्रशासन संस्थान यानी एटीआई के महानिदेशक के पद पर पदस्थापित थे। इसके अलावा उनके पास वन, पर्यावरण तथा जलवायु परिवर्जन विभाग के अपर मुख्य सचिव का प्रभार था। नए चीफ सेक्रेट्री की नियुक्ति को लेकर कार्मिक, प्रशासनिक सुधार और राजभाषा विभाग ने नोटिफिकेशन जारी कर दिया है।
मिजोरम में जन्मे एल.ख्यांगते झारखंड में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी समेत पदों पर अपनी सेवा दे चुके हैं। पिछले करीब पौने चार साल से मुख्य सचिव के पद पर कार्यरत सुखदेव सिंह का ट्रांसफर श्री कृष्ण लोक प्रशासन संस्थान (एटीआई) के महानिदेशक पद पर किया गया है। सुखदेव सिंह 1987 बैच के आईएएस अधिकारी है और उनकी पहचान एक कड़क और ईमानदार अधिकारी के रूप में रही है। सुखदेव सिंह वर्ष 2024 के मार्च में रिटायर होनेवाले थे।
1 अप्रैल 2020 को उन्होंने मुख्य सचिव के रूप में पदभार ग्रहण किया था। सुखदेव सिंह को मुख्य सचिव बनाने के पीछे उनका झारखंड में काफी लंबा प्रशासनिक अनुभव कारण रहा था। सुखदेव सिंह पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन, मधु कोड़ा और हेमंत सोरेन के मुख्यमंत्रित्व काल में प्रधान सचिव की भूमिका भी निभा चुके हैं। इसके अलावा वह विकास आयुक्त, वित्त आयुक्त, वन एवं पर्यावरण और कैबिनेट समेत सभी कोर डिमार्टमेंट में अहम जिम्मेदारियां संभाल चुके हैं।
रिटायर होने के करीब तीन महीने पहले उनके तबादले के फैसले से सभी हैरान है। हरियाणा में जन्मे सुखदेव सिंह ने अपने लंबे कार्यकाल में सभी विभागों में काम किया है। 1989 से 1991 तक इनकी पोस्टिंग एसडीओ के रूप में रही और इसके बाद 1991 से 1993 तक डीडीसी रहे। सुखदेव सिंह को पहली बार उपायुक्त का प्रभार देवघर में मिला, जिसके बाद बोकारो, गिरिडीह रांची जैसे जिलों में भी उन्होंने उपायुक्त का प्रभार संभाला।
सुखदेव सिंह सरकार के तमाम विभागों से लेकर मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव तक का दायित्व संभाल चुके हैं। वे उन चंद अफसरों में शामिल हैं जिनसे कोई भी विभाग अछूता नहीं रहा है। बिहार कैडर से अपनी सेवा शुरू करने के बावजूद जिन चार जिलों में उन्हें उपायुक्त का जिम्मा मिला वे सभी झारखंड के थे। इतना ही नहीं, जब अलग राज्य का गठन हुआ तो 11 महीनों तक वे राजधानी रांची के उपायुक्त रहे। बेबाक छवि के सुखदेव सिंह 2018 में मुख्य सचिव कैडर के अधिकारी बने और एक अप्रैल 2020 को उन्हें राज्य का 23वां मुख्य सचिव बनाया गया था।