सरहुल से पहले बढ़ा सिरमटोली फ्लाईओवर रैंप विवाद, बैरिकेडिंग तोड़ी गई [Sirmatoli flyover ramp dispute escalated before Sarhul, barricading was broken]

2 Min Read

रांची। राजधानी के सिरमटोली फ्लाईओवर के रैंप निर्माण का विवाद थम नहीं रहा है। केंद्रीय सरना स्थल सिरमटोली बचाओ मोर्चा के बैनर तले फिर आदिवासी समाज के लोग फ्लाईओवर के पास पहुंचे और सारी बैरिकेडिंग तोड़ दी। सरकार के खिलाफ प्रदर्शन और नारेबाजी की। उन्होंने कहा कि अभी अस्थाई हल निकाला गया है। उनकी एक ही मांग है कि रैंप को स्थाई तौर पर हटाया जाए।

प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस ने फ्लाईओवर से पहले मुंडा चौक और सरना स्थल के बीच दो जगह तीन-तीन लेयर की बैरिकेडिंग कर रखी थी। यहां करीब 200 लोग प्रदर्शन करने पहुंचे। उन्होंने बैरिकेडिंग तोड़ दी। पुलिस को धक्का देते हुए फ्लाईओवर के पास पहुंच गए। सरना स्थल के सामने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। ये लोग रैंप को हटाने की मांग कर रहे थे।

सरना स्थल पुलिस छावनी में तब्दीलः

उधर, विरोध प्रदर्शन को देखते हुए फ्लाईओवर के पास एसडीएम उत्कर्ष कुमार, सिटी एसपी राजकुमार मेहता, तीन डीएसपी, चार थाने के प्रभारी, रैफ, जैप और पुलिस के करीब 300 जवान तैनात हैं। पूरा सरना स्थल पुलिस छावनी में तब्दील हो गया है।

5 अप्रैल को बैठक में बनेगी आंदोलन की रणनीतिः

मोर्चा के नेताओं ने कहा कि अभी सिर्फ सरना स्थल के मुख्य गेट के सामने से रैंप हटाया गया है। इसका स्थाई समाधान किया जाए। सरना स्थल की बाउंड्री तक रैंप को हटाया जाए। अभी रैंप को जितना हटाया गया है, वह अस्थाई समाधान है। आदिवासी समाज के लोग यह स्वीकार नहीं करेंगे। सरहुल के बाद पांच अप्रैल को बैठक होगी। इसमें राज्यस्तरीय आंदोलन चलाने का फैसला लिया जाएगा।

इसे भी पढ़ें

रांची बंद कराने सड़कों पर उतरे समर्थक, जगह-जगह आगजनी-जाम

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं