सरहुल शोभायात्रा मामला गरमाया, सरना समिति के अध्यक्ष अजय तिर्की ने कहा 24 घंटे के अंदर आरोपी को पकड़े [Sarhul procession case heats up, Sarna committee president Ajay Tirkey said the accused should be arrested within 24 hours]

3 Min Read

रांची। रांची जिला के पिठोरिया में सरहुल शोभायात्रा के दौरान हुए दो समुदाय के बीच विवाद को लेकर घटना स्थल पर पहुचे केंद्रीय सरना समिति के अध्यक्ष अजय तिर्की ने प्रशासन से 24 घंटे के भीतर आरोपियों की गिरफ्तार करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि अगर प्रशासन ने दोषियों के खिलाफ जल्द कार्रवाई नहीं की तो पिठोरिया चौक बंद कर दिया जायेगा।

क्या है मामला :

मामला रांची के पिठोरिया थाना क्षेत्र के हेड़ाबालू का है, जहां सरहुल जुलूस के दौरान गांव में ही लगाया गया झालर जुलूस के झंडे से टूट गया। झालर दूसरे पक्ष के लोगों ने लगाया था। झालर टूटने से नाराज लोगों ने सरहुल जुलूस में जा रहे लोगों पर हमला कर दिया।

इस दौरान जमकर मारपीट हुई। गांव के कुछ प्रबुद्ध लोगों ने आगे आकर मामले को संभाला और मारपीट कर रहे महिलाओं और पुरुषों को खदेड़ दिया। मामले को लेकर ग्रामीणों ने एक वीडियो भी बनाया है, जिसमें एक पक्ष दूसरे पक्ष की पिटाई कर रहा है।

पाहन समेत 2 गंभीर रूप से घायलः

सरहुल पूजा में शामिल लोगों ने बताया कि पूजा में शामिल लोगों पर बिना किसी कारण के हमला किया गया, जिसमें गांव के पाहन और एक युवक रवि मुंडा गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। मामले को लेकर पूरे गांव में आक्रोश है। वहीं, घटना को लेकर कई भाजपा नेताओं ने सोशल मीडिया पर कड़ा आक्रोश जताया है और हेमंत सरकार से मारपीट में शामिल असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस ने हालात पर पाया काबूः

गांव में मारपीट की सूचना मिलने पर डीएसपी मुख्यालय अमर कुमार पांडेय कुछ ही देर में मौके पर पहुंचे, डीएसपी ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया। कुछ लोगों ने गांव में ही सड़क जाम कर धरना देने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने सभी को समझा-बुझाकर घर वापस भेज दिया।

डीएसपी अमर कुमार पांडेय ने बताया कि गांव में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है. मामले की जांच की जा रही है, जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

इसे भी पढ़ें

सरहुल को लेकर केंद्रीय सरना समिति की अपील

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं